द फॉलोअप डेस्क
रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार दो अपराधियों ने एक व्यक्ति से 1.30 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। पीड़ित फिलोमोन बा, जो कोकर स्थित पाहन टोली के रहने वाले हैं, बैंक ऑफ इंडिया कोकर शाखा से राशि निकालकर टोटो से घर लौट रहे थे।
जैसे ही टोटो लालपुर थाना के पास पहुंचा, पीछे से आए बाइक सवार अपराधियों ने वाहन को ओवरटेक किया और पलक झपकते ही फिलोमोन बा के हाथ से रुपयों से भरा बैग झपटकर भाग निकले। घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित और आसपास मौजूद लोग प्रतिक्रिया भी नहीं दे पाए, जबकि अपराधी भीड़भाड़ वाले इलाके से कुछ ही सेकंड में ओझल हो गए।
सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से पूरी जानकारी ली। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का मानना है कि अपराधी संभवतः बैंक से ही पीड़ित का पीछा कर रहे थे।
