नंदलाल तुरी
स्वस्थ शरीर ही सफल जीवन की आधारशिला है। इसी उद्देश्य को साकार करते हुए आयुष विभाग, पाकुड़ द्वारा जिलेभर में योग और आयुष चिकित्सा पद्धतियों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयुर्विद्या कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जीवनशैली में सुधार लाना और प्राकृतिक उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देना है। आज सोमवार को पाकुड़, पाकुड़िया, हिरणपुर, महेशपुर, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा प्रखंड सहित जिले के अन्य 25 स्थानों पर योग प्रशिक्षकों ने नागरिकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षकों ने कार्यक्रम के दौरान दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
आयुष विभाग के पदाधिकारियों ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच भी विकसित होती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे प्रतिदिन योग का अभ्यास करें और स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
