साहिबगंज:
साहिबगंज में अवैध संबंधों के शक में पति ने पत्नी की नुकीला रॉड घोंपकर हत्या कर दी। घटना राधानगर थानाक्षेत्र अंतर्गत बेगमगंज की है। मृतका की पहचान राखी देवी के रूप में की गई। हत्यारोपी पति 19 वर्षीय पार्थो घोष को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वारदात बीते गुरुवार की है जब दंपति में अवैध संबंध को लेकर विवाद हुआ था। बताया जाता है कि पार्थो घोष अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसकी वजह से दंपति में विवाद होता था। घटना वाले दिन भी पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था। इसी क्रम में पार्थो घोष ने पत्नी राखी देवी को चाकू से गोद दिया। परिजन, राखी को अस्पताल ले गए, लेकिन उसने दम तोड़ दिया।

विशेष जांच दल की त्वरित कार्रवाई
वारदात की जांच के लिए साहिबगंज एसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी पार्थो घोष को गिरफ्तार किया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरंभिक पूछताछ में अभियुक्त ने अवैध संबंध के शक में हत्या की बात बताई है। अभियुक्त पार्थो घोष को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

राधानगर थाना में दर्ज की गई प्राथमिकी
अभियुक्त के खिलाफ राधानगर थाना में कांड संख्या 139/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 103(1), 61(2)(b) और 352 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का नुकाला रॉड बरामद किया है।