logo

रांची : बीते 3 वर्षों में झारखंड में 51 नक्सली मारे गये, सुरक्षाबल ने 1,526 की हुई गिरफ्तारी

SURAKSHA_BAAL.jpg

रांची:
झारखंड (Jharkhand) में पिछले 3 वर्षों में नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है। साल 2019 से 2022 तक सुरक्षाबल (security forces) ने करीब 51 नक्सली को ढेर किया है वहीं 1526 नक्सलियों (Naxalites) को गिरफ्तार भी किया है। इस बात की जानकारी झारखंड पुलिस महानिदेशक नीरज सिन्हा (Jharkhand Director General of Police Neeraj Sinha)  ने स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) में पुलिस मुख्यालय (Police Headquarter) में संबोधन के दौरान दी। 

पुलिस महानिदेशक ने शहीदों को किया याद
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि, ''सबसे पहले मैं झारखंड पुलिस और झारखंड में काम कर रहे केन्द्रीय सशस्त्र बलों के उन शहीदों को नमन करता हूं, जिन्होंने अपने प्राणों की परवाह किए बगैर कर्त्तव्य की बलिवेदी पर अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया।'' इसके साथ ही उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई में पिछले 3 वर्षों में कुल 51 नक्सली विभिन्न मुठभेड़ों में मारे गए हैं।

नक्सलियों के पास से हथियार भी बरामद
गिरफ्तार नक्सलियों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा इन में से एक पोलित ब्यूरो सदस्य, एक सेंट्रल कमेटी सदस्य, 3 स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य, एक क्षेत्रीय कमेटी सदस्य, 12 जोनल कमांडर, 30 सब-जोनल कमांडर और 61 एरिया कमांडर शामिल हैं। इन लोगों के पास से कुल 136 पुलिस हथियार, 40 नियमित हथियार, 590 देशी हथियार, 37541- कारतूस, 1048-आईईडी एवं 9616 डेटोनेटर भी बरामद किए गए हैं।

शीर्ष 57 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण भी किया
नीरज सिन्हा ने बताया कि नक्सलियों को समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए बनाए गए आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का भी सकारात्मक प्रभाव रहा है जिसके तहत कुल 57 शीर्ष नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में झारखंड राज्य में सक्रिय चरमपंथी संगठनों के क्रियाकलापों पर निगरानी रखने के लिए एक विशेष कार्य दल के रूप में साइबर निगरानी प्रकोष्ठ का गठन किया गया है।