logo

जयराम महतो की नई पार्टी का आगाज, कहा- 2024 में लोस और विस चुनाव में सभी सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार

jsss.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
धनबाद शहर से तकरीबन 30 किलोमीटर दूर बलियापुर हवाई पट्टी के बिनोद धाम  में रविवार को  झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति की पहली जनसभा हुई। इस सभा में लोगों की भीड़ देखते ही बन रही थी। छात्र नेता जयराम महतो ने यह नयी राजनीतिक पार्टी बनायी है। इस पार्टी को शॉर्ट में जेबीकेएसएस कहा जाएगा। पार्टी का चुनाव चिह्न टाइगर है। पार्टी के अध्यक्ष जयराम महतो हैं। जयराम महतो को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया है। लोगों ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने इस बात की घोषणा कर दी है कि यह पार्टी  झारखंड के सभी लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ेगी। साथ ही कहा कि जब तक 1932 का खतियान लागू नहीं हो जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। रविवार को भीषण गर्मी के बावजूद राज्य के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग अधिवेशन में शामिल हुए। 

साथ नीचे आकर बैठे जयराम
सभा में 5000 कुर्सियां लगाई गई हैं। जबकि वहां पहुंचने वालों की संख्या 50,000 से ज्यादा हो गई है। इस वजह से भीड़ अनियंत्रित हो गई है और व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गया है। कार्यकर्ताओं की भीड़ देख जयराम खुद मंच से नीचे उतर आए और कार्यकर्ताओं को बैठने का इशारा कर खुद उनके साथ जमीन पर बैठ गए। अपने नेता को साथ बैठा देख कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ गया। इसके बाद सेल्फी का दौर शुरू हो गया। 
 

 


शहीदों के अरमान का नहीं बना झारखंड
लोगों को संबोधित करते हुए जयराम महतो ने कहा कि शहीदों के अरमानों का झारखंड नहीं बन पाया है। आज भी यहां बाहर के लोग यहां राज कर रहे हैं। जब तक 1932 का खतियान लागू नहीं हो जाता, तब तक जेबीकेएसएस चुपचाप नहीं बैठेगी। जनता अपने हक अधिकार के लिए आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि हमारी जमीन गयी और नियोजन दूसरे राज्य के लोगों का हो रहा है।   यहां के लोगों की जमीन को औने-पौने भाव में लिया गया है। लोगों को बेवकूफ बनाया गया है। कुछ ऐसे भी लोग है जो अपनी जमीन बेचकर स्टेशनों व बाजारों में भीख मांग रहे हैं इसलिए जल, जंगल, जमीन को बचाने की जरूरत है। मंच से समिति के कार्यकर्ता स्पष्ट शब्दों में कह रहे थे गुजरात गुजराती का, बिहार बिहारी का, बंगाल बंगाली का तो झारखंड केकरो बाप के नाय, झारखंड झारखंडी का। मौके पर बलियापुर प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष आशीष महतो, उपाध्यक्ष कुश महतो, कमलेश महतो, धनंजय मिर्धा, चंद्रमोहन, रंजीत, आत्माराम, प्रकाश, राजू, देवदास धीवर, दिनेश, राकेश, मथुर, संजय, संदीप, बिरजू, मुक्तेश्वर, संजय कुमार महतो, प्रदीप महतो आदि सक्रिय रहे। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N