रांची
बीजेपी प्रदेश कार्यालय में प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने प्रेस वार्ता कर कहा कि इंडिया गठबंधन ने झारखंड में भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि 18वीं लोकसभा के जनप्रतिनिधियों को चुनने के लिए पिछले डेढ़ महीनों से चल रही मतदान प्रक्रिया का सातवां और अंतिम चरण आज संपन्न हो गया। उन्होंने कहा कि झारखंड में भी चार चरणों में मतदान निर्धारित था। चौथे से लेकर सातवें चरण तक में झारखंड की 14 लोकसभा क्षेत्र के चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए। राज्य के एक विधानसभा क्षेत्र गांडेय की खाली सीट पर भी उपचुनाव संपन्न हुआ।

वोटरों को आभार प्रकट किया
आज संताल परगना की 3 लोकसभा क्षेत्र गोड्डा, दुमका और राजमहल में मतदान की प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसमें मतदाताओं ने भारी संख्या में मतदान किया है। कहा कि आज के मतदान के लिए प्रदेश भारतीय जनता पार्टी मतदाताओं का हृदय से आभार प्रकट करती है। बीजेपी चुनाव आयोग एवं प्रशासनिक, पुलिस पदाधिकारियों, कर्मचारियों का भी इस तपती गर्मी में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराने के लिए आभार प्रकट करती है। मतदान में महिला और युवा मतदाताओं में उत्साह देखा गया। बूथों पर लंबी कतारें ये बता रही कि जनता ने तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के लिए मतदान किया है।

झूठे नैरेटिव से जनता को दिग्भ्रमित
साहू ने कहा, इंडिया एलायंस ने पूरे देश और झारखंड में भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों का समर्थन किया। झूठे वादों और झूठे नैरेटिव से जनता को दिग्भ्रमित किया। यह जनता को पसंद नही आई। राज्य के आदिवासी दलित, पिछड़े सभी वर्गों में राज्य सरकार के प्रति गहरा असंतोष था, जिसको जनता ने वोट के माध्यम से चोट किया है। ठगबंधन इस चुनाव में पूरी तरह शून्य पर आउट हो रहा है। चुनाव के पहले ही कांग्रेस साफ हो गई थी। इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह औऱ तारिक इमरान भी मौजूद थे।

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -