रांची
भाजपा रांची महानगर जिला कार्यालय में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के कार्यक्रम के निमित एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य रूप से झारखंड के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी उपस्थित रहे। इस अवसर पर कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने विगत 12 वर्षों में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। आज भारत विश्व मंच पर एक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। गरीब, किसान, महिला, युवा, अनुसूचित जाति, जनजाति एवं समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक
उन्होंने कहा कि यह 12 वर्ष केवल सरकार की उपलब्धियों का नहीं, बल्कि देशवासियों के विश्वास, विकास और जनकल्याण की यात्रा का प्रतीक है। कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे सरकार की उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं तथा समाज के सभी वर्गों को इस अभियान से जोड़ें। वहीं प्रदेश महामंत्री ने आगे आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 5 जून से 21 जून तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत विश्व पर्यावरण दिवस पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान, विशेष जनसंपर्क अभियान, प्रगति पथ यात्रा, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, जनकल्याण शिविर, प्रबुद्ध एवं पेशेवर वर्ग के साथ संगोष्ठी, मोदी सरकार की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास एवं सुशासन के नए मानक स्थापित किए हैं। कार्यकर्ताओं को संगठन और सरकार के बीच सेतु बनकर जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना चाहिए।
.jpeg)
अभियान को सफल बनाने का संकल्प
उन्होंने सभी मंडलों में संयोजक एवं सह-संयोजकों की सक्रिय टोली बनाकर अभियान को प्रभावी एवं जनभागीदारी आधारित बनाने का आह्वान किया। कार्यशाला में कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए मंडल स्तर पर संयोजकों एवं सह-संयोजकों की भूमिका, कार्यक्रमों की कार्ययोजना, प्रचार-प्रसार एवं जनसंपर्क अभियान की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम में मुख्यरूप से राजू सिंह, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, संकेत तिवारी, नीरज चौधरी, वीणा मिश्रा, राम लगन राम, विनय राज, गोपाल गुप्ता, अनीता वर्मा, देवेंद्र शर्मा, हरेंद्र सिंह, विश्वजीत सिंह, अश्विनी सुखीजा, धर्मेंद्र शुक्ला, अशोक मिश्रा, उमेश यादव, कुंदन सिंह, इंद्रजीत यादव, सुप्रिया दुबे, उमेश तिवारी, पीयूष विजयवर्गीय, अमित यादव, अशोक मुंडा, विशाल साहू, सुजीत शर्मा, धर्मेंद्र सिंह, जितेंद्र पांडेय, अनिल अग्रवाल, सहित जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मंडल संयोजक, सह-संयोजक एवं पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।