logo

मोरहाबादी मैदान में 28 अप्रैल से लगेगा इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर, जानें कितने देश के मिलेंगे प्रोडक्ट

1644.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राजधानी के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में
28 अप्रैल से लेकर 2 मई तक इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर का आयोजन होगा। फेयर का आयोजन झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स और जीएस मार्केटिंग एसोसिएट्स के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। बताते चलें कि कोरोना महामारी को लेकर लगभग 3 वर्षों से चैंबर्स ऑफ कॉमर्स की ओर से ट्रेड मेगा फेयर का आयोजन नहीं हो पा रहा था। मगर 28 अप्रैल से शुरू होने वाले ट्रेड फेयर को लेकर प्रेस वार्ता में चैंबर के पदाधिकारी उत्साहित नजर आए। चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने बताया की इस मेगा ट्रेड फेयर में लोग सुबह के 9 बजे से रात्रि 1 बजे मेले का लुत्फ़ उठा सकते हैं। इंट्री फ़ीस 20 रुपए निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस बार भव्य रूप से इस ट्रेड फेयर का आयोजन किया जाएगा जिसमें राज्य के सभी जिलों के व्यपारियों व उद्यमि को मेले से जोड़ा जाएगा। फेयर ट्रेड स्टॉल में स्पांसरशिप पर खास ध्यान रखा गया है। ट्रेड फेयर में भाग लेने वाले इच्छुक व्यापारी व उद्यमी कमेटी से संपर्क कर सकते हैं।

9 देशों के प्रोडक्ट को खरीदने का मिलेगा मौका
फेयर में भारत के अलावा विभिन्न देशों के प्रोडक्ट की भी खरीदारी लोग कर सकेंगे। इस संबंध में विक्रम चौधरी और गौरव अग्रवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि थाइलैंड, अफगानिस्तान, टर्की, इजिप्ट, भूटान, ईरान समेत 9 देशों और 15 राज्यों के यूनिक प्रोडक्ट का प्रदर्शन एयरकंडीशन हैंगर में देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार के साथ ही कई अन्य राज्यों के सरकारी विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

1 लाख से अधिक यूनिक प्रोडक्ट दिखेंगे
जीएस मार्केटिंग एसोसिएट्स के अमिताभ घोष ने बताया कि फेयर में कुल 350 स्टॉल, 8 बिजनेस हैंगर, 1 फूड कोर्ट रहेगा। 3x2 के स्टॉल की कीमत 60 हजार तथा 3x3 स्टॉल की कीमत 90 हजार रुपए निर्धारित की गई है। फेयर में लोगों के इंटरटेनमेंट के साथ ही बच्चों के लिए फन एक्टिविटी जैसे कार्यक्रमों पर भी विचार किया जा रहा है। फेयर में होम एंड डेकोर, फाइनेंस, फर्नीचर एण्ड इंटिरियर, लाइफस्टाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, हेल्थकेयर, हैंडीक्राफ्ट्स एण्ड हैंडलूम के 1 लाख से अधिक यूनिक प्रोडक्ट प्रदर्शित किये जायेंगे। 

व्यापारियों से भाग लेने की चैंबर ने की अपील
चैंबर्स ऑफ कॉमर्स की प्रवक्ता ज्योति कुमारी ने इस मेगा ट्रेड फेयर 2023 में ज्यादा से ज्यादा व्यापारियों व उद्यमियों को भाग लेने की अपील की है। उन्होंने व्यपारियों से भी यह भी अपील की के इस मेले में उनका जुड़ना ट्रेड फेयर के साथ तमाम व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण रहेगा। प्रेस कांफ्रेंस मुख्य रूप से चैंबर उपाध्यक्ष अमित शर्मा, सह सचिव रोहित पोद्दार, शैलेश अग्रवाल, सदस्य संतोष अग्रवाल, राजीव चौधरी के अलावा जीएस मार्केटिंग एसोसियेट्स के अमिताभ घोष, अंचित्य गोराई, तपन घोष समेत कई पदाधिकारी शामिल थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT