द फॉलोअप डेस्क, नेशनल:
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया है। चौथे क्वार्टरफाइनल मुकाबले में भारत ने जापान को 8 विकेट से शिकस्त दी। पहले गेंदबाजी करते हुए भारतीय टीम ने जापान की पूरी पारी महज 57 रन पर समेट दी और फिर 90 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
भारतीय गेंदबाजों ने जापान को 57 रन पर रोका
कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में टॉस जीतकर भारतीय कप्तान ने पहले गेंदबाजी चुनी। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही जापानी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। जापान की टीम 24 रन के स्कोर तक पहला विकेट गंवाने के बाद लगातार विकेट खोती चली गई और पूरी टीम 57 रन पर ऑलआउट हो गई। आयाका काटो ने 25 और हारुना इवासाकी ने 10 रन बनाए। भारत की ओर से श्री चरणी ने 4 विकेट झटके, जबकि शेफाली वर्मा को 2 विकेट मिले। दीप्ति शर्मा और श्रेयंका पाटिल ने भी एक-एक सफलता हासिल की।
.jpeg)
शेफाली-ऋचा ने तेजी से खत्म किया मुकाबला
58 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शुरुआत में दो झटके लगे और 24 रन तक दो विकेट गिर गए। इसके बाद शेफाली वर्मा और ऋचा घोष ने पारी को संभालते हुए तेजी से रन जुटाए। शेफाली ने नाबाद 40 रन बनाए, जबकि ऋचा 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। दोनों ने मिलकर भारत को लक्ष्य तक पहुंचाया और टीम ने 15 ओवर शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत अब सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ उतरेगा।