द फॉलोअप डेस्क
मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत खलारी बाजार टांड़ में आज शाम लगभग 5 बजे नकाबपोश अपराधियों ने एक इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी, जिससे दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद अपराधी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से पैदल फरार हो गए। बताया जाता है कि तीन से चार नकाबपोश बदमाशों ने विजय केशरी नामक दुकानदार को निशाना बनाकर उसके माथे और सीने में गोली मारी। घटना के समय बाजार में काफी संख्या में लोग मौजूद थे, जिससे अचानक हुई गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
स्थानीय लोगों ने घायल विजय केशरी को तुरंत डकरा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक बताई और बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार विजय की किसी से कोई रंजिश नहीं थी, जिससे यह हमला रहस्यमय प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलते ही मैक्लुस्कीगंज थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
