logo

जमशेदपुर : मजदूर पिता के सामने चली गई मासूम की जिंदगी, आस्था सिटी के सेप्टिक टैंक में डूबने से बच्चे की मौत

shav64.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित आस्था सिटी टाउन में एक दर्दनाक हादसे में मासूम की जान चली गई। यहां सेप्टिक टैंक में गिरने से एक पांच वर्षीय मासूम आदर्श कुमार की मौत हो गई। मृतक के पिता तपन कुंभकार मजदूरी करते हैं। रोज की तरह वह अपने नन्हे बेटे को साथ लेकर आये थे। क्योंकि घर पर उसे देखने वाला कोई नहीं था। पर आज की वही दिनचर्या उनके जीवन की सबसे बड़ी त्रासदी बन गई।
जानकारी के अनुसार, मानगो कुमरुम बस्ती निवासी तपन कुंभकार रोज की तरह शनिवार को भी अपने छोटे बेटे आदर्श को साथ लेकर आस्था सिटी टाउन मजदूरी करने आया था। दोपहर के वक्त पिता मजदूरी कराते थे और आदर्श वहीं आसपास खेल रहा था। कुछ ही देर में खेल अचानक हादसे में बदल गया। खेलते-खेलते आदर्श खुले सेप्टिक टैंक में गिर गया।
जब पिता ने बेटे को नजरों से ओझल पाया तो तलाश शुरू हुई। बहुत खोजबीन के बाद टैंक के पास उसका चप्पल मिला। जिसके बाद सेप्टिक टैंक के अंदर देखने पर आदर्श उसी टैंक में बेहोश पड़ा मिला। आनन-फानन में उसे मर्सी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन डॉक्टरों ने वहां पहुंचने पर आदर्श को मृत घोषित कर दिया। इधर, घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वहीं, आस्था सिटी परिसर में खुले और असुरक्षित सेप्टिक टैंक पर लोगों में रोष है। यह हादसा केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि उस लापरवाही का भी प्रमाण है, जो शहर के चमकते आवासीय टाउनशिपों की दीवारों के पीछे अक्सर छिपी रह जाती है।



 

Tags - jamshedpur news updates latest jamshedpur News jamshedpur Updates jamshedpur news updates latest latest Jharkhand news updates latest jamshedpur news Guml Updates latest jamshedpur news updates latest jamshedpur updates jamshedpur news in hindi