नंदलाल तुरी
आगामी मैट्रिक एवं इंटर बोर्ड परीक्षा 2026 में विद्यार्थियों की तैयारी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पाकुड़ जिला प्रशासन द्वारा परख टेस्ट के तहत प्री-बोर्ड परीक्षा का आयोजन जिलेभर में 24 से 27 नवम्बर 2025 तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जा रहा है।
इसी क्रम में उपायुक्त मनीष कुमार ने आज राजकीयकृत उच्च विद्यालय लिट्टीपाड़ा परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया और परीक्षा संचालन की सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से आकलन किया। उपायुक्त ने कहा कि “प्री-बोर्ड परीक्षा को फाइनल परीक्षा की भांति आयोजित करने का उद्देश्य छात्रों में समय प्रबंधन, अनुशासन और वास्तविक परीक्षा-दबाव की समझ विकसित करना है। उन्होंने परीक्षा कक्षों, बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण प्रणाली और पर्यवेक्षण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए केंद्राधीक्षक और शिक्षकदल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बोर्ड पैटर्न पर आधारित प्रश्नपत्र छात्रों की वास्तविक तैयारी जानने में अत्यंत सहायक होंगे।
जिलेभर में आज सभी सरकारी विद्यालयों में प्री-बोर्ड परीक्षा सुचारू और अनुशासित माहौल में संपन्न हुई। कक्षा 10 के विद्यार्थियों ने प्रथम पाली में विज्ञान और द्वितीय पाली में उर्दू/बंग्ला/संस्कृत/संथाली की परीक्षा दी। कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने प्रथम पाली में गणित/राजनीतिक विज्ञान और द्वितीय पाली में अर्थशास्त्र का परीक्षा दी। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्री-बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों की वास्तविक तैयारी को परखने और उनकी कमजोरियों की पहचान कर उन्हें समय रहते सुधार का अवसर देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल गुणवत्तापूर्ण शिक्षण को बढ़ावा देने के साथ ही मुख्य परीक्षा में बेहतर और उत्कृष्ट परिणाम सुनिश्चित करने में सहायक होगी।