रांची
सीएम हेमंत सोरेन आज रांची के प्रोजेक्ट भवन में आयोजित इंटर और स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शामिल हुए और कहा कि अगले 2 से 4 महीनों में हजारों बहालियां होंगी। सोरेन ने आज 319 शिक्षकों और 17 महिला पर्यवेक्षिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने कहा कि यहां की नियुक्तियों में झारखंड के बच्चे ही सफल क्यों नहीं हो पाते, यह एक बड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि यहां के बच्चों में मानसिक विकास सही तरीके से नहीं हो पा रहा है और इसका एक बड़ा कारण कुपोषण भी है।

बड़े व्यवसाय खड़े करने में अब भी पीछे
सीएम ने कहा कि राज्य के कई लोगों का जीवन अब तक एक सीमित दायरे के अंदर चलता रहा है, लेकिन बदलते परिवेश में समाज के सभी वर्गों को आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद 2024 के दूसरे महीने से ही मानव संसाधन के क्षेत्र में नियुक्तियों की प्रक्रिया तेज की गई। पिछले चार महीनों में शिक्षा विभाग में 9 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की गई है और आने वाले 2 से 4 महीनों में हजारों लोगों को और नियुक्तियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि ये नियुक्तियां सिर्फ तनख्वाह के लिए नहीं हैं, बल्कि राज्य के समग्र विकास के लिए हैं। सीएम ने कहा कि राज्य में 90 से 95 प्रतिशत लोग अपने हुनर और दक्षता के आधार पर जीवन यापन करते हैं, लेकिन बड़े व्यवसाय खड़े करने में अब भी पीछे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से राज्य के मूल निवासी खुद को मजबूत कर सकते हैं। खेलकूद में राज्य के युवाओं में क्षमता की कमी नहीं है, सिर्फ उन्हें तराशने की जरूरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय योजना का भी जिक्र किया।

कुपोषण राज्य के माथे पर काले धब्बे की तरह
हेमंत सोरेन ने कहा कि वर्षों से कुपोषण राज्य के माथे पर काले धब्बे की तरह रहा है और अब झारखंड को इस समस्या से बाहर निकालना है। उन्होंने कहा कि इसमें महिला पर्यवेक्षिकाओं की बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि राज्य की महिलाएं मजबूत हों, सशक्त हों और आने वाली पीढ़ी स्वस्थ, मजबूत और शिक्षित बने, यही सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने समारोह में मौजूद लोगों से अपील करते हुए कहा कि आज यहां मौजूद 300 लोग अगर अपने साथ कम से कम दो लोगों को आगे बढ़ाने का संकल्प लें, तो उन्हें आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि आज ये 300 लोग हजारों के बराबर हैं।
सीएम ने यह भी कहा कि शिकायतें मिलती हैं कि कुछ शिक्षक ग्रामीण इलाकों में जाने से कतराते हैं। उन्होंने कहा कि इस सोच के साथ राज्य का विकास मुश्किल है। उन्होंने देश में पेपर लीक की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आज बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
.jpeg)
सरकार अब तक डेढ़ से दो लाख नियुक्तियां दे चुकी
हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार अब तक डेढ़ से दो लाख नियुक्तियां दे चुकी है, लेकिन जिस लक्ष्य को हासिल करना है, उससे अभी भी काफी दूर हैं। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पाने वाले लोग अपने परिवार, समाज और आसपास के लोगों की ताकत बनें। सीएम ने कहा कि सरकार के सामने बड़ी चुनौतियां हैं, लेकिन हर चुनौती के बावजूद सरकार आगे बढ़ रही है और आने वाले समय में इन चुनौतियों को भी पार करेगी। उन्होंने कहा कि आज लगभग 60 लाख महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। मंईयां सम्मान योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना की मदद से महिलाएं आगे बढ़ रही हैं। सीएम ने कहा कि कुछ लोग इस योजना का गलत लाभ भी ले रहे हैं, लेकिन इसकी वजह से 95 प्रतिशत जरूरतमंद लोगों के साथ अन्याय नहीं किया जा सकता।