द फॉलोअप डेस्क
बाल स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से फिरायालाल पब्लिक स्कूल में 24 सितंबर को कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बैलेंसबाइट NXt. प्रा. लि. की टीम को आमंत्रित किया।
यह एक प्रमुख संस्था है जो बाल स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में कार्यरत है। टीम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में स्वस्थ आहार की आदतें विकसित करना था, ताकि 21वीं सदी के भारत की नींव अधिक मजबूत और स्वस्थ बन सके।.jpeg)
इस दौरान डायटीशियन ग़ज़ाला मतीन ने अपनी टीम के साथ विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए एक समृद्ध इंटरएक्टिव सत्र का संचालन किया। टीम ने विभिन्न मनोरंजक और शिक्षाप्रद गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को संतुलित आहार का महत्व समझाया। विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया, कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया और पुरस्कार भी जीते।
स्कूल के प्राचार्य नीरज कुमार सिन्हा एवं उप-प्राचार्या हनीत मुंजाल ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने बच्चों को इन शिक्षाओं को अपने दैनिक जीवन में अपनाने और स्वस्थ आदतों को महत्व देने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का समापन इस सकारात्मक संदेश के साथ हुआ कि सभी को अस्वस्थ खान-पान की आदतों को छोड़कर संतुलित आहार और नियमित व्यायाम द्वारा अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए।