द फॉलोअप डेस्क
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के साथ वीडियो में नजर आने वाली महिला के मोबाइल को पुलिस जब्त करे। उसके पति के मोबाइल को भी पुलिस जब्त कर जांच करे। यह मांग राज्य के पूर्व मंत्री व विधायक सरयू राय ने की। दरअसल मंगलवार को वीडियो में नजर आने वाली महिला का भी बयान सामने आया है। उसने कहा कि किसी ने साजिश के तहत एडिट कर यह वीडियो बनाया है। वह यह चैट अपने पति के साथ कर रही थी, जिसका मिसयूज कर यह फेक वीडियो बना दिया गया है। वह बन्ना गुप्ता को जानती तक नहीं है। महिला ने वीडियो एडिट करने वाले और वायरल करने वालों पर कार्यवाही करने की मांग की। इस पर सरयू राय ने कहा कि जब महिला ने कहा है कि यह वीडियो उनके पति के साथ हुई चैट का हिस्सा है तो पति और पत्नी दोनों का मोबाइल को जब्त किया जाना चहिए। क्योंकि, अमूमन ऐसा चैट पति-पत्नी के बीच नहीं होती है, लेकिन फिर भी महिला ने बात कहीं है तो उसको सही मानते हैं। लेकिन इसकी भी जांच हो जानी चाहिए। इसलिए पुलिस को तत्काल मोबाइल को जब्त कर कार्रवाई करनी चाहिए।

होनी चाहिए फोरेंसिंक जांच
सरयू राय का कहना है कि स्वास्थ्य मंत्री बोल रहे थे कि वे महिला को नहीं जानते। फिर अपने कार्यालय से उक्त महिला के बयान को सार्वजनिक करा दिया। मतलब महिला को वो पहचानते हैं तब तो पुलिस के पहले वे उसे ढूंढ लाए। ऐसे में इस मामले में तत्काल मंत्री बन्ना गुप्ता को अभियुक्त बनाया जाना चाहिए। साथ ही उनके मोबाइल, महिला का मोबाइल और उस महिला के पति के मोबाइल को जब्त कर फोरेंसिक जांच की जानी चाहिए। सरयू राय ने कहा कि बिरसानगर की रहने वाली वह महिला मंगलवार की शाम को ही गायब हो गई थीं। उसके बाद से वह किसके कब्जे में थी, यह देखने वाली बात होगी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT