logo

इरफान अंसारी का बड़ा फैसला: झारखंड में मंत्रियों और विधायकों के परिजनों को मिलेगी IAS-IPS जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं 

ुिु87fefeुुfeew.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य के मंत्रियों, विधायकों और पूर्व विधायकों के साथ उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इस निर्णय के तहत अब इन्हें भी आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की तर्ज पर समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि यह निर्णय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी के मार्गदर्शन और सहमति से लिया गया है। इसके लिए नई नियमावली का प्रारूप तैयार कर लिया गया है, जिसे जल्द ही कैबिनेट की मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।

फैसले की मुख्य बातें
* मंत्रियों, विधायकों, पूर्व विधायकों एवं उनके परिवारों को आईएएस-आईपीएस अधिकारियों की तर्ज पर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी।
* नई नियमावली के तहत उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा और चिकित्सा खर्च की प्रतिपूर्ति (रिइम्बर्समेंट) का लाभ मिलेगा।
* अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों को मिलने वाली ऑल इंडिया सर्विसेज मेडिकल अटेंडेंस रूल्स, 1954 की तर्ज पर यह सुविधा लागू की जाएगी।
* चिकित्सा व्यय की प्रतिपूर्ति का भुगतान झारखंड विधानसभा सचिवालय के माध्यम से किया जाएगा।
* नई व्यवस्था लागू होने के बाद देश के विभिन्न अस्पतालों में बेहतर और कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने का रास्ता आसान होगा।

क्यों लिया गया यह फैसला -
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य का ध्यान रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। जब राज्य का स्वास्थ्य विभाग आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को समुचित चिकित्सा सुविधा प्रदान करता है, तो मंत्रियों, विधायकों और पूर्व विधायकों को भी ऐसी ही व्यवस्था मिलनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि कई विधायकों ने इलाज के दौरान आने वाली कठिनाइयों और अस्पतालों में पर्याप्त कवरेज न मिलने की समस्या से उन्हें अवगत कराया था। इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए गहन अध्ययन और विचार-विमर्श के बाद पुरानी व्यवस्था को समाप्त कर नई नियमावली लागू करने का निर्णय लिया गया है।

पहले से मिल रही हैं ये सुविधाएं -
राज्य सरकार पहले से ही राज्य के सरकारी कर्मचारियों तथा अधिवक्ताओं को स्वास्थ्य बीमा का लाभ प्रदान कर रही है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद मंत्रियों, विधायकों और पूर्व विधायकों को भी अधिक व्यापक और प्रभावी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। यह निर्णय झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

Tags - Irfan Ansari health policy decision Jharkhand ministers health facilities MLAs medical benefits Jharkhand IAS IPS style medical facilities Jharkhand Hemant Soren government health scheme Jharkhand MLA family medical benefits All India Services Medic