logo

देश की युवा पीढ़ी को 1975 के आपातकाल को जानना जरूरी- दीपक प्रकाश

0141.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भारत के लोकतंत्र की रक्षा के लिए घड़ियाली आंसू बहाने वाली, विदेश की धरती पर देश के खिलाफ साजिश करने वाली कांग्रेस के लिए शुरू से ही सत्ता सर्वोपरि है। देश की सेवा से उसका कुछ लेना देना नहीं। यह बातें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने आज सरायकेला स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में कही। भाजपा द्वारा आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में कांग्रेस को विश्वास नहीं है। ये तानाशाही पार्टी है जिसने सत्ता के लिए देश का विभाजन स्वीकार किया। 12 जून 1975 को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जब इंदिरा गांधी को चुनावी धांधली का दोषी बताते हुए रायबरेली से उनका निर्वाचन रद्द कर दिया। जब सुप्रीम कोर्ट ने भी उच्च न्यायालय के फैसले को बरकरार रखा तो तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा ने भारत के संविधान को रौंदते हुए देश में आपातकाल लागू कर दिया। दीपक प्रकाश ने कहा कि ये वही कांग्रेस पार्टी है जिसने आपातकाल लगाकर नागरिक के अधिकार, प्रेस की आजादी छीन ली, लाखों लोग गिरफ्तार कर लिए गए, जिसमें सभी वर्ग के लोग शामिल थे। देश की युवा पीढ़ी को 1975 के आपातकाल की जानकारी कराना जरूरी है।

अपने संविधान से देश चलाना चाहती है कांग्रेस
दीपक प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र के रक्षा की दुहाई देती है। लेकिन वह भारत के संविधान से नही अपने संविधान से देश चलाना चाहती है। जिसमें भ्रष्टाचार का पोषण, संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग, जात-पात और तुष्टिकरण जैसे आयाम शामिल हैं। कांग्रेस ने अपने एजेंडे को लागू करने के लिए अनेक बार संविधान का संशोधन किया। राष्ट्रपति शासन का दुरुपयोग किया। कैबिनेट के फैसले का अपमान किया फिर कांग्रेस लोकतंत्र की बात करती है। उन्होंने कहा कि भारत को तोड़ने की मानसिकता वाले लोग भारत जोड़ने का ढोंग करते हैं।

परिवार की पार्टी बनकर रह गई है कांग्रेस
देश की जनता ने बार बार कांग्रेस पार्टी को सबक सिखाई है। दीपक प्रकाश ने कहा कि आपातकाल के बाद हुए चुनाव में कांग्रेस पार्टी को करारी हार मिली थी। फिर भी कांग्रेस ने अपना चाल चरित्र नहीं बदला। अब तो कांग्रेस केवल परिवार की पार्टी बनकर रह गई है। जनता ने सत्ता से ही बाहर नहीं किया, बल्कि विपक्ष लायक भी नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा देश की जनता का मिजाज अब पूरी तरह कांग्रेस मुक्त भारत का है। इसलिए कांग्रेस अब क्षेत्रीय दलों से प्राणवायु मांगते फिर रही। मगर
 देश की जनता सर्वोपरी है। जनता भारत माता के सच्चे सपूत यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ हो रहे षड्यंत्र को कभी सफल नहीं होने देगी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N