logo

झारखंड में मौसम ने बदला मिजाज, गर्मी में हो रहा ठंड का एहसास; अगले 5 दिनों का हाल पढ़ें

वो्ोत22.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड में मौसम ने अपना मिजाज बदल लिया है। पूरे देश में जहां अप्रैल के महीने में ही भीषण गर्मी पड़ रही है वहीं झारखंड का मौसम पूरी तरह से अलग हो गया है। रविवार से ही झारखंड में मौसम बदल गया है। ओडिशा में बना टर्फ तमिलनाडु की ओर जा रहा है, जिसके कारण झारखंड के विभिन्न हिस्सों में 12 अप्रैल तक बारिश की संभावना है। रांची में रविवार रात बारिश हुई, इसके बाद रुक-रुक कर बारिश होती रही। सोमवार सुबह भी कई हिस्सों में बारिश हुई और बादल छाए रहने के कारण दिन भर बारिश की संभावना है। 


मौसम विभाग की ओर से सोमवार सुबह जारी अलर्ट में रांची के अलावा सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां जिले और पश्चिमी सिंहभूम जिले बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिक सतीशचंद्र मंडल ने बताया कि टर्फ का असर पूरे राज्य में रहेगा। 9 अप्रैल को पलामू में गर्जन और बारिश हो सकती है। 10 से 12 अप्रैल तक रांची के आसपास के साथ कोल्हान क्षेत्र में बारिश का अनुमान है। पिछले 24 घंटे में कई स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास था, लेकिन बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रांची मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची समेत झारखंड के कई जिलों में बादल आज छाए रहेंगे। बूंदाबांदी और बारिश से अधिकांश जिलों के तापमान में कमी आई है। हवा के रुख में आए बदलाव से राज्य में अगले तीन दिनों तक आंधी और बारिश होने के आसार हैं और तापमान नीचे जाएगा। 


मौसम विभाग का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य में अगले पांच दिनों में आंधी और बारिश के साथ वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार कई हिस्सों में इस दौरान बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। अगले पांच दिनों तक राज्य के अधिकांश जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान में यह बताया गया है कि पाकुड़, साहिबगंज, बोकारो, देवघर, धनबाद , दुमका, गिरिडीह , गोड्डा, गुमला , हजारीबाग, जामताड़ा, खूंटी , कोडरमा, लातेहार ,लोहरदगा, पलामू ,रामगढ़, रांची, सरायकेला, सिमडेगा जिले के कुछ भागों में अगले एक से तीन घंटा में हल्की और मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है, साथ ही साथ कई जगह वज्रपात का भी अनुमान है। 

Tags - Jharkhand Weather Weather Jharkhand Rain in Jharkhand Rainy Season Jharkhand Weather Cold in Summer Jharkhand Summer