logo

झारखंड में आज भी पूरे दिन होगी बारिश, कल छटेंगे बादल; गिरेगा पारा

jharkhand_rain.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मिचौंग चक्रवाती तूफान ने भयानक रूप धारण कर लिया है। इसका असर झारखंड में भी देखने को मिल रहा है। 4 दिसंबर से ही राज्य में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। बुधवार को भी पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। रूक-रूक कर बारिश में होती रही। मौसम के इस बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। आलम यह है कि दिन में रात जैसी ठंड महसूस हो रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार कल मिचौंग तूफान के बादल छटेंगे। 


शुक्रवार से छटेंगे बादल 
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार मिचौंग अब कमजोर हो रहा है लेकिन राज्य के सभी हिस्सों में इसका असर कायम है। अगले 24 घंटे में राज्य के उत्तरी हिस्सों में इसका अधिक प्रभाव पड़ेगा। इसके बाद प्रभाव कम होगा। शुक्रवार से बादल छटेंगे। अभिषेक आनंद ने बताया कि आज ये तूफान छत्तीसगढ़,ओडिशा और तेलंगाना के भाग से होते हुए आगे बढ़ रहा है। इसका प्रभाव अगले 24 घंटे के अंदर तापमान में गिरावट लाएगा। राज्य के कई हिस्से में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में एक डिग्री से भी कम का अंतर रह गया है। 


सबसे ठंडा शहर बोकारो रहा
मिचौंग तूफान का असर राज्य के सभी हिस्सों में कायम है। पिछले 24 घंटे में संताल परगना और पलामू प्रमंडल में भी हल्की बारिश हुई। इस वक्त राज्य का सबसे ठंडा शहर बोकारो है। यहां17.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। रांची का तापमान 18.4,गिरिडीह 19.4,गढ़वा 21.1,देवघर 22.3 दर्ज किया गया।  राज्य में कई जगहों पर अधिकतम तापमान और न्यूनतम और अधिकतम तापमान में एक डिग्री से भी कम का फासला रह गया है। रांची में दो डिग्री का अंतर है।