द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
Jharkhand News: झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) ने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 की आज तिथि घोषित कर दी। JAC द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार परीक्षा 1 नवंबर 2026 को होगी। मालूम हो कि झारखंड हाईकोर्ट में इस संबंध में एक याचिका दायर की गयी थी। याचिका पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने जैक को परीक्षा आयोजित करने का आदेश दिया था। आदेश का अनुपालन नहीं होने पर अवमानना वाद दायर किया गया। जैक के अनुसार जेटेट की परीक्षा दो स्तरों पर होगी। उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा पहली पाली में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। वहीं प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
15 अक्टूबर से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे अभ्यर्थी
जैक द्वारा जारी सूचना के अनुसार परीक्षा फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थी 15 अक्तूबर से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा प्रारंभ होने से दो घंटे पहले अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र का मेन गेट बंद कर दिया जाएगा। आधार कार्ड की मूल प्रति परीक्षा केंद्र पर ले जाना अनिवार्य होगा। साथ ही किसी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। दिव्यांग अभ्यर्थी को परीक्षा के लिए 30 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा।
.jpeg)