पूर्वी सिंहभूम:
जमशेदपुर के ग्रामीण क्षेत्र बोड़ाम थाना अंतर्गत नू्तनडीह गांव में एक किशोरी का शव शनिवार को पेड़ पर गमछा के सहारे फंदे से झूलता मिला। मृतका की पहचान गांव के बुद्धेश्वर सिंह की 16 वर्षीया पुत्री माला सिंह के रूप में हुई है जो कि बोड़ाम स्थित लायलम स्कूल में कक्षा 9वीं की छात्रा थीं। जानकारी के अनुसार, माला सिंह 22 मई की दोपहर करीब 3 बजे घर से तालाब में नहाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर शाम तक छात्रा घर नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। जब पूरी रात छात्रा घर नहीं लौटी, तो परिवार वाले काफी परेशान थे।

गांव से 2 किमी दूर पेड़ से लटकी थी लाश
दूसरे दिन शनिवार को कुछ ग्रामीणों ने गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर झाड़ीनुमा टुंगरी पर एक पेड से छात्रा का शव लटका देखा। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पहंचे, तो पाया कि छात्रा जिस गमछे को लेकर नहाने निकली थी, उसी गमछे के सहारे वह पेड़ से झूलती मिली। जिसके बाद बोड़ाम थाना पुलिस को मामले की सूचना दी गयी। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। जिसके बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया है।

पुलिस को मिला फोन, स्मार्ट-वॉच और कपड़ा
दूसरी ओर पुलिस को छात्रा के शव के पास से उसका मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और उसका कपड़ा बरामद हुआ है, जो वो घर से नहाने की बात कहकर अपने साथ लेकर निकली थी। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन और स्मार्ट वॉच जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार, छात्रा के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के कोई निशान नहीं मिले है, बावजूद इसके पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि छात्रा के मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि आखिर छात्रा ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया होगा।
प्रेम-प्रसंग के एंगल से भी होगी मामले की जांच
पुलिस छात्रा के साथ दुष्कर्म और प्रेम प्रंसग के एंगल पर भी जांच कर रही है। इसे लेकर छात्रा के मोबाइल फोन को जांच के लिए टेक्निकल टीम के पास भेजा जायेगा। मोबाइल फोन के चार्ट्स और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जायेगी। छात्रा की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर ग्रामीणों में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि खबर लिखे जाने तक परिजनों के द्वारा किसी प्रकार का आरोप नहीं लगाया गया है। लेकिन, बावजूद पुलिस अपने स्तर से सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।