जमशेदपुर
जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में सरिया गबन और ठगी के एक बड़े मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी निशानदेही पर करीब 29 टन सरिया बरामद कर जब्त किया गया। इस मामले की शुरुआत भुईयांडीह स्थित शांतिनगर ग्वाला बस्ती निवासी अखिलेश यादव की शिकायत से हुई। उन्होंने 22 अप्रैल को गोलमुरी थाना में लिखित आवेदन देकर वाहन संख्या CG15CZ-2138 के मालिक बलवंत कुमार यादव और चालक सुमंत कुमार पर ठगी, जालसाजी और माल गबन का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316(2), 316(3) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी का 29 टन सरिया बरामद
जांच के क्रम में पुलिस ने 11 मई को छापेमारी कर वाहन मालिक बलवंत कुमार यादव, चालक सुमंत कुमार और कथित खरीददार गुड्डू कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर 540 बंडल, यानी करीब 29 टन सरिया बरामद किया गया। इसके साथ ही एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
कौन है इस गबन का असली मास्टरमाइंड?
पुलिस के अनुसार बलवंत कुमार यादव और सुमंत कुमार गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र के पुतुर गांव के रहने वाले हैं, जबकि तीसरा आरोपी गुड्डू कुमार यादव भावनाथपुर थाना क्षेत्र के बुका मेन रोड का निवासी है, जो कथित तौर पर गबन किए गए सरिया का खरीददार था। पूरे मामले में गोलमुरी थाना के पुलिस अवर निरीक्षक राज रौशन सिन्हा, इन्द्रदेव राम, रफीक आलम और सशस्त्र बल के जवानों की अहम भूमिका रही। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है।