logo

जमशेदपुर : कॉलेज में दबदबा बनाने के लिए लाया था देसी कट्टा, वीडियो वायरल होने के बाद 3 छात्र निष्कासित

Screenshot_2026-06-25_132146.jpg

जमशेदपुर
परसुडीह स्थित एक कॉलेज के क्लासरूम में छात्र द्वारा देसी कट्टा और जिंदा कारतूस लाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और जांच में मामले की पुष्टि होने के बाद, कॉलेज प्रबंधन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल 12वीं साइंस के तीनों छात्रों को निष्कासित कर दिया है। बताया जा रहा है कि कॉलेज में अपना दबदबा कायम करने के लिए छात्र क्लास में हथियार लेकर पहुंचा था। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, एक छात्र अपने बैग में देसी कट्टा और जिंदा कारतूस लेकर कॉलेज पहुंच गया और क्लासरूम में अन्य छात्रों को हथियार दिखाने लगा। इसी दौरान क्लास के ही एक छात्र ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पूछताछ की शुरुआत में कॉलेज प्रबंधन ने इस घटना को मानने से इनकार किया, लेकिन वीडियो देखने के बाद प्रिंसिपल एस.सी. महतो ने इसकी पुष्टि की। पूछताछ में आरोपी छात्र ने कबूला कि छात्रों के बीच हुई मारपीट के बाद कॉलेज में अपना दबदबा बनाने के लिए वह हथियार लाया था। प्रिंसिपल के अनुसार, वीडियो में दिख रहे तीनों छात्र उनके ही कॉलेज के 12वीं कक्षा के साइंस के छात्र हैं।
प्रिंसिपल ने क्या कहा- सुनें
उन्होंने बताया कि हथियार लेकर आने वाले छात्र से जब पूछताछ की गई, तो उसने कबूल किया कि उसके इलाके के ही एक साथी ने उसे यह हथियार दिया था। प्रिंसिपल के मुताबिक, मामला सही पाए जाने पर तीनों छात्रों को कॉलेज से निष्कासित कर दिया गया है। भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए अब कॉलेज में कड़े नियम लागू किए जाएंगे।

Tags - Jamshedpur News College Gun Incident Viral Video Student Expelled Jharkhand News