द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर एसीबी की टीम ने चाईबासा के बंदगांव थाना प्रभारी मनीष कुमार को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, बंदगांव थाना क्षेत्र में अफीम तस्करी से जुड़े एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में आरोपी का नाम हटाने और उसे केस में राहत देने के एवज में थाना प्रभारी ने 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। रिश्वत देने से इनकार करते हुए पीड़ित ने इसकी शिकायत जमशेदपुर एसीबी से की। शिकायत के बाद एसीबी ने मामले का गुप्त सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद गुरुवार को एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही पीड़ित ने थाना प्रभारी मनीष कुमार को 15 हजार रुपये दिए, टीम ने मौके पर छापेमारी कर उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम मनीष कुमार को अपने साथ जमशेदपुर ले गई।
