logo

जमशेदपुर : नेविगेशन देखने के दौरान अनियंत्रित होकर तालाब में गिरी कार, 4 लोगों को सुरक्षित निकाला

नेविगेशन देखने के दौरान अनियंत्रित होकर तालाब में गिरी कार, 4 लोगों को सुरक्षित निकाला

जमशेदपुर: 
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। हलुदबनी से नामो टोला के बीच सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर से बचने के प्रयास में एक कार सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी। कार में बीमार वृद्धा समेत चार लोग सवार थे। हादसे के बाद ग्रामीणों ने कार के शीशे और दरवाजे तोड़कर चारों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस तरह सभी की जान बच गई।

इलाज के लिए वृद्धा को ले जा रहे थे अस्पताल
परिजनों के मुताबिक, वृद्धा की हालत गंभीर थी और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान कार चला रहा व्यक्ति मोबाइल पर नेविगेशन मैप देख रहा था। सामने से तेज गति से आ रहे ट्रेलर को रास्ता देने के दौरान कार सड़क से नीचे उतर गई। चालक जब तक वाहन को नियंत्रित करता, कार करीब तीन बार पलटते हुए तालाब के गहरे पानी में जा समाई।

चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने शुरू किया बचाव कार्य
कार के तालाब में गिरते ही उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना देर किए बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने कार के शीशे और दरवाजे तोड़कर पानी में फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला। हादसे में सभी को मामूली चोटें आईं।

पुलिस की मौजूदगी में कार निकालने की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर परसुडीह पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में तालाब में गिरी कार को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

 

Tags - Jamshedpur News Parsudih Road Accident Car Accident Trailer Accident Jharkhand News