जमशेदपुर
जमशेदपुर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार को एक ही दिन में छिनतई की दो घटनाओं ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से सवाल खड़े कर दिये हैं। पहली घटना सोनारी थाना क्षेत्र में हुई, जबकि दूसरी वारदात साकची थाना क्षेत्र में एसएसपी कार्यालय से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई।
घटना की पूरी जानकारी
जानकारी के अनुसार, साकची क्षेत्र में फास्ट फूड कॉर्नर के पास चाउमीन खा रही सोनारी निवासी प्रभा चंद्रा के गले से एक बदमाश ने सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया। वारदात के दौरान आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बदमाश भाग निकला। घटना के संबंध में प्रभा चंद्रा ने बताया कि उनकी बेटी बाहर से आयी हुई है। वह बेटी को लेकर जुबली पार्क घूमने आयी थीं। घूमने के बाद सभी लोग फास्ट फूड कॉर्नर पर खाने पहुंचे थे। वह दुकान के सामने बैठकर चाउमीन खा ही रही थीं, तभी अचानक एक युवक आया और उनके गले से चेन छीनकर भाग गया। पास में ही एक अन्य युवक बाइक लेकर खड़ा था। दोनों अपराधी बाइक पर सवार होकर फरार हो गये।
शहर में बढ़ती छिनतई की घटनाओं से लोगों में डर
घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गयी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। एसएसपी कार्यालय के नजदीक हुई इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं। वहीं, लगातार हो रही चेन छिनतई की घटनाओं से आम लोगों में भी डर का माहौल है।