logo

कल बैंक में 33.62 करोड़ की डकैती, आज ज्वेलरी शॉप में 4 लाख के गहनों की चोरी; जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद

कल बैंक में 33.62 करोड़ की डकैती, आज ज्वेलरी शॉप में 4 लाख के गहनों की चोरी; जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद

जमशेदपुर: 
जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले और पुलिस की चौकसी पर सवाल खड़े करने वाली लगातार दूसरी बड़ी वारदात गोलमुरी में हुई है। बीते गुरुवार को गोलमुरी के केनरा बैंक में दिनदहाड़े 33.62 करोड़ रुपये की डकैती के अगले ही दिन शुक्रवार को अपराधियों ने उसी बैंक से चंद कदम की दूरी पर गोलमुरी बाजार स्थित आरती ज्वेलरी नामक एक सोनार दुकान को निशाना बना लिया। बाजार के बीचोबीच स्थित शॉप नंबर-12 का वेंटिलेटर तोड़कर चोर सोना-चांदी के आभूषण अपने साथ लेकर फरार हो गए। बताया जाता है कि उक्त दुकान में सोने-चांदी के गहनों की रिपेयरिंग और मेकिंग का काम होता था। चोरी किए गए गहनों की कीमत करीब 3 से 4 लाख रुपये बताई जा रही है।

दुकान खोलने पर बिखरा मिला सामान
घटना के संबंध में दुकान के मालिक जगत जीवन राय ने बताया कि उनके भतीजे ही रोजाना दुकान का संचालन करते थे। गुरुवार रात भी उनका भतीजा रोज की तरह दुकान बंद कर घर चला गया था। शुक्रवार सुबह जब वह दुकान खोलकर अंदर पहुंचा, तो सभी सामान बिखरे पड़े थे। दुकान में रखे आभूषण और नकदी की जांच करने पर सभी गहने और रुपये गायब मिले। उसने तत्काल फोन कर इसकी सूचना अपने चाचा को दी। जगत जीवन राय दुकान पहुंचे तो दुकान के आगे की ओर लगा वेंटिलेटर टूटा हुआ मिला। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ चोरी हुए आभूषणों की वास्तविक कीमत का आकलन कर रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया भी चल रही है।

लगातार दूसरे दिन वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
वहीं, दूसरी ओर लगातार दूसरे दिन एक ही थाना क्षेत्र में हुई इन दोनों वारदातों ने गोलमुरी की सुरक्षा व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है। गुरुवार को जहां पांच हथियारबंद अपराधियों ने बैंक में घुसकर करोड़ों की डकैती को अंजाम दिया, वहीं उसके अगले ही दिन अपराधियों ने बाजार के बीच स्थित आभूषण दुकान का ताला तोड़ दिया। खास बात यह है कि दोनों घटनाओं के बीच दूरी महज कुछ कदमों की है।

बैंक डकैती के बाद भी चोरी की वारदात
केनरा बैंक डकैती के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ाने, अपराधियों की तलाश में टीमें लगाने और संभावित ठिकानों पर छापेमारी का दावा किया था। इसी बीच शुक्रवार को उसी इलाके में चोरी की दूसरी बड़ी वारदात सामने आने से पुलिस की निगरानी और गश्ती व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सवाल यह भी है कि करोड़ों की डकैती जैसी बड़ी घटना के बाद जब पुलिस की नजर पूरे इलाके पर होनी चाहिए थी, तब बाजार के बीच स्थित दुकान अपराधियों के निशाने पर कैसे आ गई।

पुलिस के सामने चोरों की पहचान की चुनौती
अब उसी इलाके में दूसरी वारदात ने पुलिस के सामने एक और चुनौती खड़ी कर दी है। बाजार में दुकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना ने यह सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि इतनी बड़ी बैंक डकैती के बाद भी गोलमुरी में अपराधियों को वारदात का मौका कैसे मिल रहा है। पुलिस मामले की जांच और चोरों की पहचान में जुटी है।

Tags - Jamshedpur News Golmuri Theft Aarti Jewellery Jewellery Shop Theft Jharkhand Crime