द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित धातकीडीह तालाब के पास गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। कपाली के गौसनगर निवासी 66 वर्षीय ए. सत्तार खान ने कथित तौर पर अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा ली। अचानक चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर उन्हें तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

तालाब के पास काफी देर तक घूमते रहे, फिर उठाया खौफनाक कदम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सत्तार खान घटना से पहले काफी देर तक धातकीडीह तालाब के आसपास घूमते रहे। बताया जाता है कि उन्होंने तालाब का दो बार चक्कर लगाया और उसके बाद अचानक अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल से उर्दू भाषा में लिखा एक नोट भी मिला है। प्रारंभिक जांच में नोट में यह उल्लेख होने की बात सामने आई है कि उन्होंने यह कदम अपनी इच्छा से उठाया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।

पत्नी के निधन के बाद बढ़ गया था अकेलापन
परिजनों ने पुलिस को बताया कि सत्तार खान एक निजी कंपनी से वर्ष 2020 में सेवानिवृत्त हुए थे। पत्नी के निधन के बाद वह काफी अकेलापन और मानसिक तनाव महसूस कर रहे थे। उनकी चार बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। पहले वह धातकीडीह क्षेत्र में रहते थे, लेकिन बाद में उनकी बहन ने कपाली के गौसनगर स्थित अपने घर में उनके रहने की व्यवस्था कर दी थी। गुरुवार सुबह वह बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कुछ ही समय बाद घटना की सूचना मिल गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।