logo

जमशेदपुर में 11 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से बाइक पर ला रहे थे खेप

जमशेदपुर में 11 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से बाइक पर ला रहे थे खेप

जमशेदपुर
जमशेदपुर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गालुडीह थाना पुलिस ने करीब 11 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से गांजा के अलावा एक ग्लैमर मोटरसाइकिल और हेलमेट भी बरामद किया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को सूचना मिली थी कि कुछ लोग ओडिशा से मोटरसाइकिल के जरिए गांजा लेकर जमशेदपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई।
घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोचा
टीम ने गालुडीह बराज के पास कैनाल रोड पर घेराबंदी कर ग्लैमर मोटरसाइकिल से आ रहे तीन लोगों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 11 किलो गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमशेदपुर निवासी रमेश कुमार सिंह (43), श्याम नाथ राय (38) और बाबूलाल यादव (50) के रूप में हुई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने गांजा के संगठित कारोबार से जुड़े होने की बात स्वीकार की है। इस मामले में गालुडीह थाना कांड संख्या 17/2026, दिनांक 15 अगस्त 2026 को बीएनएस की धारा 111(4) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B), 22 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। छापामारी टीम में गालुडीह थाना प्रभारी अजय बागे, सअनि संजय कुमार समेत थाना रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल शामिल थे।
 

Tags - Jamshedpur News Ganja Smuggling NDPS Act Jharkhand Crime East Singhbhum News