द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात मानगो के मुंशी मोहल्ला में हुई, जहां हमलावरों ने राजू उर्फ बच्चा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।

प्रेम प्रसंग की चर्चा
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की चर्चा हो रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच अधिकारी सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रहे हैं। पुलिस आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि वारदात से जुड़ी अहम जानकारी जुटाई जा सके।

आरोपियों की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जमशेदपुर सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के साथ-साथ फरार अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।