द फॉलोअप, जमशेदपुर
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा स्थित राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में नाबालिग किशोरी की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि किशोरी की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके नाबालिग प्रेमी ने की थी। रविवार सुबह स्कूल परिसर में किशोरी का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

शादी के दबाव में बढ़ा विवाद, गुस्से में ली जान
पुलिस के अनुसार किशोरी शुक्रवार से लापता थी और अपने प्रेमी के साथ रह रही थी। शनिवार रात दोनों सोपोडेरा स्थित स्कूल परिसर पहुंचे थे। इसी दौरान शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। किशोरी लगातार शादी का दबाव बना रही थी, जबकि आरोपी अपनी कम उम्र का हवाला देकर इससे बच रहा था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर किशोरी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में कबूला जुर्म
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की। खोजी कुत्तों, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई। पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर आरोपी की पहचान कर उसे गोविंदपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में 16 वर्षीय आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे रिमांड होम भेज दिया गया। पुलिस ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि किशोरी के साथ दुष्कर्म नहीं हुआ था।

कोरोना काल में परिवार से अलग रह रही थी किशोरी
जांच में सामने आया कि मृतका बिरसानगर जोन नंबर-2 की रहने वाली थी और कोरोना काल से अपने परिवार से अलग रह रही थी। वह आसपास के घरों में काम कर अपना जीवनयापन कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात गोविंदपुर क्षेत्र के कुमफूटा निवासी नाबालिग युवक से हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।