logo

जमशेदपुर : जिला बदर कुख्यात अपराधी चोरी-छिपे शहर में घुसा, साकची पुलिस ने किया गिरफ्तार

 जिला बदर कुख्यात अपराधी चोरी-छिपे शहर में घुसा, साकची पुलिस ने किया गिरफ्तार

जमशेदपुर 
Jamsedpur News: जिला बदर किए जाने के बावजूद चोरी-छिपे जमशेदपुर में प्रवेश कर गंभीर अपराध की योजना बना रहे सोनारी के कुख्यात अपराधी राजकुमार सिंह (Rajkumar Singh) उर्फ दाना को साकची पुलिस (Sakchi Police) ने गिरफ्तार किया है। पुलिस को शुक्रवार को गुप्त सूचना मिली थी कि वह काशीडीह स्थित दुर्गा मंदिर (Durga Mandir) के पास मौजूद है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए काशीडीह (kashidih)  से सीतारामडेरा  (Sitaramdera) की ओर जाने वाली सड़क पर पुल के पास उसे दबोच लिया।

झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम के तहत हुई थी जिला बदर की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, राजकुमार सिंह उर्फ दाना निर्मल नगर, सोनारी का रहने वाला है। उसके खिलाफ सोनारी थाना के सीसीए केस संख्या 89/24-25 के तहत झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम, 2002 की धारा 3(3)(ए) में जिला निष्कासन की कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद वह बिना अनुमति के जिले में प्रवेश कर गया था। सूचना मिलने पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने काशीडीह इलाके में छापेमारी कर राजकुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में जिला बदर होने की बात स्वीकार की
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह जिला बदर है और चोरी-छिपे जमशेदपुर में प्रवेश कर गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

हत्या और जानलेवा हमला समेत कई मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, राजकुमार सिंह के खिलाफ जमशेदपुर के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, हत्या और जानलेवा हमला समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इन मामलों में उसके खिलाफ आरोप-पत्र भी दाखिल किया जा चुका है। छापेमारी टीम में पुलिस अवर निरीक्षक अभिनव कुमार, अविनाश उरांव और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Tags - Jamshedpur News Sakchi Police Jamshedpur Crime Rajkumar Singh Dana Jharkhand Crime