logo

जमशेदपुर में रंगदारी के लिए फायरिंग करने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, तीन आरोपी जेल भेजे गए

jam_police.jpg

जमशेदपुर 

जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टिनप्लेट सब्जी मार्केट में एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने और नहीं देने पर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस घटना में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से दो देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा और घटना में इस्तेमाल की गयी बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

जान से मारने की नीयत से फायरिंग

सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 18 जुलाई की शाम करीब छह बजे टिनप्लेट सब्जी मार्केट में अपराधियों ने एक व्यापारी से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी देने से इनकार करने पर अपराधियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर इलाके में भय का माहौल बना दिया था। घटना के बाद एसएसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी करण सिंह उर्फ जसकरण सिंह और मनदीप सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, एक खोखा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। इसके बाद आरोपियों ने गिरोह के सदस्य रोमी सिंह उर्फ सरदार के पास भी हथियार होने की जानकारी दी।

आपराधिक नेटवर्क की जांच

पुलिस ने रोमी सिंह को भी गिरफ्तार कर उसके पास से एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किया। पुलिस के अनुसार, करण सिंह उर्फ जसकरण सिंह के खिलाफ गोलमुरी, बिष्टुपुर और टेल्को थाना क्षेत्रों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं मनदीप सिंह के खिलाफ भी हत्या के प्रयास समेत चार गंभीर मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय रंगदारी गिरोह को बड़ा झटका लगा है।

Tags - Jamshedpur Police Extortion Case Law And Order Extortion Gang