logo

जमशेदपुर: टाटा स्टील समर कैंप का शानदार आगाज़, 2000 से अधिक प्रतिभागियों ने कराया पंजीकरण

WhatsApp_Image_2026-05-12_at_11_52_23_AM.jpeg

जमशेदपुर
खेल, फिटनेस और युवाओं के समग्र विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए टाटा स्टील ने समर कैंप 2026 का शुभारंभ कर दिया है। शहर के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस कैंप की शुरुआत सोमवार से हुई, जो 31 मई तक चलेगा। कैंप का आयोजन टाटा स्टील के स्पोर्ट्स डिवीजन की ओर से किया जा रहा है। जमशेदपुर के साथ-साथ कंपनी के अन्य परिचालन क्षेत्रों टीएसके, टीएसएम और टीजीएस में भी समानांतर रूप से समर कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे खेल और स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता का दायरा व्यापक हो रहा है।
युवा सशक्तिकरण और समावेशिता पर विशेष जोर
इस अवसर पर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, कोच, अभिभावक और बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे। इस दौरान टाटा स्टील ने खेलों को सामुदायिक विकास और युवाओं के सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बताते हुए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस वर्ष कैंप को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक करीब 2,000 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। समावेशिता पर जोर देते हुए कैंप में 40 दिव्यांग बच्चों और टाटा स्टील फाउंडेशन से जुड़े लगभग 100 बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित की गयी है। 
19 खेलों का प्रशिक्षण और 'पिकलबॉल' का नया आकर्षण
कैंप में इस बार 19 विभिन्न खेलों और गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें एथलेटिक्स, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, फुटबॉल, स्विमिंग, योग, जुम्बा, कराटे, बॉक्सिंग, शतरंज, बास्केटबॉल, घुड़सवारी और रोलर स्केटिंग जैसे खेल शामिल हैं। छोटे बच्चों के लिए 4 से 6 वर्ष आयु वर्ग में रोल बॉल स्केटिंग को भी जारी रखा गया है। इस बार एक नया आकर्षण पिकलबॉल है, जो तेजी से लोकप्रिय हो रहा खेल है और इसमें सभी आयु वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं।वयस्कों के लिए विशेष सत्र और सामाजिक जागरूकता की पहल
वयस्कों के लिए भी विशेष कार्यक्रम तैयार किये गये हैं, जिनमें आत्मरक्षा प्रशिक्षण, फिटनेस और वजन प्रबंधन सत्र शामिल हैं। साथ ही अभिभावकों के लिए भी समय-समय पर सहभागिता आधारित गतिविधियां आयोजित होंगी। कैंप के दौरान सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति और तनाव प्रबंधन जैसे सामाजिक विषयों पर नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे प्रतिभागियों को जागरूक किया जा सके। सुरक्षा और अनुशासन को प्राथमिकता देते हुए सभी कोच और प्रशिक्षकों को पॉश (POSH) और नैतिक आचरण से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया है। इसके अलावा प्रतिभागियों को खेल पोषण और हाइड्रेशन से जुड़ी जानकारी टाटा स्टील की इन-हाउस न्यूट्रिशनिस्ट द्वारा दी जायेगी।

Tags - Tata Steel Jamshedpur Summer Camp 2026 Sports Training Youth Development