logo

स्कूली बच्चों से भरी वैन डिवाइडर से टकराई, 15-17 बच्चे घायल; 2 की हालत गंभीर

स्कूली बच्चों से भरी वैन डिवाइडर से टकराई, 15-17 बच्चे घायल; 2 की हालत गंभीर

द फॉलोअप डेस्क, जमशेदपुरः

जमशेदपुर के टेल्को स्थित भुवनेश्वरी मंदिर रोड में एन-111 के पास शुक्रवार को चिन्मया स्कूल के बच्चों से भरी टाटा विंगर स्कूल वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में करीब 15 से 17 बच्चे घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। वैन चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि स्कूल वैन बच्चों को स्टेडियम की ओर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान वैन अचानक सड़क के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन का चैंबर तक फट गया। हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोगों को यह धमाके जैसी सुनाई दी।


 

टक्कर के बाद बच्चों में मची चीख-पुकार
हादसे के बाद वैन में सवार बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के फ्लैटों से भी लोग बाहर निकल आए और मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शी उत्तम के मुताबिक, चिन्मया स्कूल की ओर से आ रही वैन के सामने अचानक एक कार आ गई थी। कार वैन से बिल्कुल सटते हुए निकल गई। इसके बाद चालक ने पीछे मुड़कर कार की ओर देखने की कोशिश की। इसी दौरान वैन अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क के डिवाइडर से जा टकराई।


 

स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत कार्य
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। वैन में फंसे और घायल बच्चों को बाहर निकाला गया और उन्हें इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। फिलहाल सभी घायल बच्चों और वैन चालक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Tags - Jamshedpur Chinmaya School School Van Accident Tata Motors Hospital Telco