logo

जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी का तृतीय दीक्षांत समारोह 19 नवंबर को, राज्यपाल संतोष गंगवार होंगे मुख्य अतिथि

hjfkdtuk.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में 19 नवंबर को होने वाले तृतीय दीक्षांत समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस समारोह में झारखंड के राज्यपाल और कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि होंगे। वे 12:45 बजे समारोह में शिरकत करेंगे। आमंत्रित अतिथियों को 12 बजे तक, जबकि डिग्री प्राप्तकर्ताओं को सुबह 10 बजे तक XLRI ऑडिटोरियम में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।
कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने इस संबंध में कहा कि विश्वविद्यालय हमेशा से समयबद्ध परीक्षा प्रणाली और त्वरित परिणाम प्रकाशन के प्रति प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी दीक्षांत समारोह न केवल छात्राओं के परिश्रम का सम्मान है, बल्कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता का भी प्रतीक होगा। इस वर्ष समारोह में कुल 1068 छात्राओं को उपाधि प्रदान की जाएगी, जिनमें से 713 छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। 25 स्वर्ण पदक और 17 रैंक होल्डर्स को विशेष सम्मान मिलेगा। स्वर्ण पदकों की विशेष बनावट इस वर्ष चर्चा का विषय रहेगी। प्रत्येक पदक 40 ग्राम शुद्ध चांदी पर सोने की कोटिंग से तैयार किया गया है, और पदक का बॉक्स विजेता छात्रा के नाम के साथ अंकित होगा। सभी स्वर्ण पदक प्राप्तकर्ता और रैंक होल्डर्स अपने अभिभावकों सहित समारोह में शामिल हो सकेंगे।
छात्राओं के लिए ड्रेस कोड भी जारी किया गया है, जिसमें सफेद सलवार सूट के साथ लाल दुपट्टा, या सफेद/क्रीम रंग की साड़ी लाल बॉर्डर के साथ शामिल है। कुलपति ने यह भी बताया कि XLRI ऑडिटोरियम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सभी तकनीकी परीक्षण पूरे कर लिए गए हैं।
इस वर्ष प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित 'डॉ. रेखा झा मेडल फॉर एक्सीलेंस इन इकोनॉमिक्स' की भी घोषणा की गई है। यह सम्मान स्वर्गीय डॉ. रेखा झा की स्मृति में उनके पति श्री वरुण झा द्वारा प्रदान किया जाता है। इस वर्ष यह सम्मान स्नातकोत्तर अर्थशास्त्र विभाग की टॉपर श्रद्धा सिन्हा को दिया जाएगा। उन्हें प्रमाण पत्र के साथ एक लाख रुपये की राशि भी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, विश्वविद्यालय की वार्षिक स्मारिका का अनावरण भी दीक्षांत समारोह के दिन राज्यपाल द्वारा किया जाएगा। स्मारिका में NEP इंटर्नशिप, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और विश्वविद्यालय की उभरती प्रतिभाओं की विस्तृत जानकारी शामिल होगी।

 

Tags - Latest jharkhand News Jharkhand News Updates latest Jharkhand News jharkhand News in Hindi jamshedpur News jamshedpur News Updates latest jamshedpur News jamshedpur news jamshedpur news in hindi latest jharkhand News Jamshedpur updates in hindi