logo

जामताड़ा में आयुष्मान भारत योजना में बड़ा घोटाला, DC ने दो निजी अस्पतालों में छापेमारी कर दिए कड़े निर्देश

jam_dc_HOS.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

जामताड़ा जिले में आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना में एक बड़े घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। उपायुक्त (DC) रवि आनंद के नेतृत्व में गठित एक उच्च स्तरीय टीम ने शहर के दो निजी अस्पतालों में छापेमारी की, जहाँ सरकारी राशि के दुरुपयोग और भारी अनियमितताओं की पुष्टि हुई है। इस टीम में जामताड़ा एसडीओ, सिविल सर्जन और बीडीओ शामिल थे। बेवा रोड स्थित सिटी अस्पताल के निरीक्षण के दौरान टीम दंग रह गई। रिकॉर्ड के अनुसार, अस्पताल ने पिछले एक महीने में आयुष्मान योजना के तहत लगभग 650 मरीजों के मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया था। लेकिन जब डीसी ने जांच की, तो परतें खुलती चली गईं जिनमें बाहरी राज्यों के अधिकांश मरीज पाए गए। अस्पताल द्वारा दी गई रिपोर्ट में दर्ज अधिकांश नंबर बंद मिले। जो चालू थे, उनकी लोकेशन केरल और राजस्थान जैसे राज्यों में पाई गई। अस्पताल का न तो नक्शा स्वीकृत है और न ही वहां डॉक्टरों की संख्या है। हद तो तब हो गई जब अस्पताल परिसर में चल रही दवा दुकान के पास लाइसेंस तक नहीं है।

जांच टीम ने इसके बाद जामताड़ा कॉलेज स्थित मंगलम नेत्रालय में दबिश दी। यहाँ भी आयुष्मान योजना के लाभुकों के नाम पर बड़ा खेल देखने को मिला। डीसी रवि आनंद ने बताया कि प्रथम दृष्टया यहाँ भी अधिकांश लाभार्थी दूसरे राज्यों के पाए गए हैं, और सरकारी राशि का जमकर दुरुपयोग किया गया है। उपायुक्त ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कड़े निर्देश दिए हैं और दोनों अस्पतालों के सभी कागजात जब्त कर लिए गए हैं। सिटी अस्पताल को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अस्पताल संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं डीसी रवि आनंद ने बताया कि शिकायत मिलने पर जब जांच की गई तो पता चला कि अस्पतालों द्वारा दी गई जानकारी पूरी तरह गलत थी। यह सरकारी धन की खुली लूट है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Tags - Jamtara district Ayushman Bharat scheme Mukhyamantri Jan Arogya Yojana scam exposed DC Ravi Anand high level team raid private hospitals misuse of government funds irregularities