logo

जामताड़ा में भाजपा आक्रोश रैली के बाद अब्दुल रकीब का वीडियो वायरल, नारों को लेकर गरमाई राजनीति

Screenshot_2026-08-01_123016.jpg

जामताड़ा
भाजपा की आक्रोश रैली के बाद अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष अब्दुल रकीब का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से जिले में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। वीडियो में अब्दुल रकीब इस्लामी टोपी पहने नजर आ रहे हैं और कथित तौर पर "जय श्रीराम" व "भारत माता की जय" के नारे लगाते दिख रहे हैं। इस वीडियो को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
क्या है पूरा मामला?
यह आक्रोश रैली जामताड़ा सदर अस्पताल में प्रसूता और नवजात की मौत के बाद हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान दर्ज प्राथमिकी के विरोध में आयोजित की गई थी। भाजपा जिलाध्यक्ष समेत आठ लोगों के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर पार्टी ने समाहरणालय के समक्ष प्रदर्शन किया था। रैली का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने किया था, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए थे। इसी दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें अब्दुल रकीब कथित रूप से स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के खिलाफ नारेबाजी करते और कुछ धार्मिक नारे लगाते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो को लेकर उठे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग इसे अब्दुल रकीब की व्यक्तिगत राजनीतिक अभिव्यक्ति बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे समुदाय से जुड़े पद पर बैठे व्यक्ति के आचरण से जोड़कर देख रहे हैं। कुछ लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से अब्दुल रकीब से इस मामले पर स्पष्टीकरण देने और अपनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। वहीं, कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक विवाद को बढ़ाने वाला मुद्दा बताया है।
राजनीतिक माहौल गर्माया
इस घटनाक्रम के बाद जामताड़ा की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। एक पक्ष इसे भाजपा के राजनीतिक कार्यक्रम और पार्टी की विचारधारा से जोड़कर देख रहा है, जबकि दूसरा पक्ष इसे एक व्यक्ति की निजी राजनीतिक पसंद और अभिव्यक्ति बता रहा है। फिलहाल, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है और अब्दुल रकीब की ओर से भी इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के नवाडीह भिठरा गांव निवासी अब्दुल रकीब के बयान का इंतजार किया जा रहा है।

Tags - Jamtara BJP Political Controversy Viral Video Jharkhand Politics