द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा में नगर सरकार के गठन के लिए सुबह 7:00 बजे से मतदान शुरू हो गया। जामताड़ा नगर पंचायत के सभी मतदान केंद्रों पर निर्धारित समय पर मॉक पोलिंग के बाद मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। मतदाता सुबह से ही अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर मतदान कर रहे हैं। जामताड़ा नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 28 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां कुल 26,467 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं महिजाम नगर परिषद क्षेत्र में भी सुबह 7:00 बजे से मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। महिजाम नगर परिषद में कुल 39 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस क्षेत्र में कुल 37,056 मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चयन करेंगे। प्रशासन की ओर से सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से चल रहा है। निर्धारित समय के भीतर मतदान केंद्र पहुंचने वाले सभी मतदाताओं को वोट देने का अवसर दिया जाएगा।

