जामताड़ा
जामताड़ा में पुलिस ने एक युवक को साइबर क्राइम के शक में पकड़ा, जिसके बाद कर्माटांड़ प्रखंड के सियाटांड़ गांव में ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई. घटना से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने गांव के युवक दीपक मंडल के साथ बेरहमी से मारपीट की. वायरल वीडियो में ग्रामीण पुलिसकर्मियों पर जबरदस्ती और दुर्व्यवहार का आरोप लगाते नजर आ रहे हैं. घटना के दौरान गांव में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा.
वहीं, दूसरे वायरल वीडियो में पूर्व मंत्री रणधीर सिंह जामताड़ा के वरीय पुलिस अधिकारियों से फोन पर बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने मामले पर आपत्ति जताते हुए कहा कि दीपक मंडल मुंबई में रहकर पढ़ाई करता है और ग्रेजुएशन पूरा कर चुका है. उनका आरोप है कि युवक निर्दोष है और पुलिस ने उसे बेवजह प्रताड़ित किया. फिलहाल इस मामले और वायरल वीडियो को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
