logo

जामताड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 अपहृत नाबालिग सकुशल बरामद, 5 अपहरणकर्ता गिरफ्तार, 50 लाख की फिरौती की थी मांग

frsbtubsr6tua.jpg

द फॉलोअप डेस्क
करमाटांड़ थाना क्षेत्र में दो युवकों के अपहरण के मामलों में जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अपहृत दोनों युवकों को सकुशल बरामद कर लिया है और घटना में शामिल पांच अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आज़ाद अंसारी, श्री अंसारी, समद अंसारी, शिवलाल मरांडी और अब्दुल हबीब के रूप में हुई है। इनमें आज़ाद अंसारी देवघर जिले के मार्गो मुंडा के रहने वाले हैं, जबकि श्री अंसारी गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, एक बोलेरो गाड़ी और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। यह घटना करमाटांड़ थाना क्षेत्र के साइबर हब इलाके में हुई थी। पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को अपहरणकर्ताओं ने फिरौती की मांग करते हुए दो युवकों का अपहरण किया था। इस घटना के संबंध में 3 नवंबर को करमाटांड़ थाने में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया। जांच में पता चला कि गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा के अपराधियों का एक संगठित गिरोह इस घटना में शामिल था। पुलिस ने गिरिडीह पुलिस की मदद से गिरोह का भंडाफोड़ किया और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जांच में यह सामने आया कि एक अपहृत युवक को धरमपुर में एक आदिवासी व्यक्ति के घर में बंधक बनाकर रखा गया था, जबकि दूसरे युवक की पहचान अभी उजागर नहीं की गई है। दोनों अपहृत युवक नाबालिग बताए जा रहे हैं। अपराधियों ने परिवार से 50 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी और न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।
एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि इस अपराधी गिरोह में कुल 16 लोग शामिल हैं। बाकी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने बताया कि यह गिरोह फिरौती के लिए अपहरण और हत्या जैसे अपराध करता है। फिलहाल, जामताड़ा पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जामताड़ा जेल भेज दिया है।


 

Tags - Latest jharkhand News Jharkhand News Updates latest jharkhand News jharkhand News Updates Jharkhand Updates in Hindi Jamtara News updates Jamtara news in hindi Jamtara updates in hindi latest Jamtara News Jamtara updates Jamtara Updates in hidni