logo

झरिया में जमीन फटी, दीवारें दरकीं; घरों पर मंडरा रहा जमींदोज होने का खतरा

्गैोी.jpg

द फॉलोअप डेस्क
धनबाद जिले के झरिया इलाके में स्थित चौथाई कुल्ही के धर्मनगर में अचानक जमीन में दरारें पड़ने से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। धनबाद-सिंदरी मुख्य मार्ग के पास स्थित इस बस्ती में एक दर्जन से अधिक घरों की दीवारों और फर्श पर लंबी दरारें आ गई हैं, जिससे संभावित भूधंसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी तक जमीन धंसने की कोई पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन दरारों का लगातार चौड़ा होना लोगों की चिंता बढ़ा रहा है। हालात को देखते हुए कई परिवार एहतियातन अपने घरों से सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि दरारें तेजी से फैल रही हैं और यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो बड़ा हादसा हो सकता है।


50 सालों से रह रहे लोग
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह इलाका पहले खनन क्षेत्र रह चुका है और वे पिछले करीब 50 वर्षों से यहां रह रहे हैं। उनका मानना है कि जमीन के नीचे मौजूद पुरानी खदानों की वजह से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन और बीसीसीएल को घटना की सूचना दे दी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था। लोगों ने मांग की है कि विशेषज्ञों द्वारा क्षेत्र का वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराया जाए और संभावित नुकसान का आकलन कर समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।


 

Tags - Jharia News Dhanbad News Jharkhand News Land Subsidence Ground Cracks Mining Area Risk BCCL Disaster Alert Local News Breaking News