logo

मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करना हमारी जिम्मेदारी, इन्फॉर्मेटिव कॉन्टेंट बनायें- नेहा अरोड़ा

a2413.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:


आज कई देशों में चुनाव हो रहे हैं लेकिन, पूरी दुनिया सबसे बड़े लोकतंत्र भारत की तरफ देख रही है। स्वस्थ लोकतंत्र के निर्माण में युवा मतदाता विशेष रूप से महत्वपूर्ण हैं। चुनावी प्रक्रिया से परिचित होने के साथ-साथ लोगों को जागरुक करना हम सभी की जिम्मेवारी है। ये बातें झारखंड की अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी नेहा अरोड़ा ने स्वीप अंतर्गत रांची विश्वविद्यालय के मासकॉम विभाग में गठित इलेक्टोरल लिट रेसी क्लब की जागरुकता कार्यशाला के दौरान कही। कार्यशाला में नोडल पदाधिकारी स्वीप कोषांग-सह-उपविकास आयुक्त, रांची दिनेश कुमार यादव, उपनिदेशक सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, झारखण्ड रांची आनंद, मशहूर फिल्मकार एवं निदेशक मासकॉम डिपार्टमेंट, रांची विश्वविद्यालय बीपी सिन्हा एवं छात्र उपस्थित थे।

ऐसा कॉन्टेंट बनायें जो इनफॉर्मेटिव हो
कार्यशाला के दौरान नेहा अरोड़ा ने ईएलसी से संबंधित निर्देशिका में उल्लेखित विभिन्न गतिविधियों को समुचित तरीके से लोकतंत्र में आयोजित करने पर बल दिया। उपस्थित छात्रों से उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया और मतदान के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए ऐसा कॉन्टेंट बनायें जो इनफॉर्मेटिव हो, ताकि लोग जान पायें कि चुनाव के लिए आयोग ने क्या-क्या प्रावधान किये हैं, लोगों को इथिकल वोटिंग के बारे में जागरुक करें।

चुनाव से संबंधित वेबसाइट की जानकारी दी
नोडल पदाधिकारी स्वीप कोषांग-सह-उपविकास आयुक्त (रांची) दिनेश कुमार यादव ने कार्यशाला के दौरान उपस्थित छात्रों को चुनाव से संबंधित डिजिटल ऐप एवं वेबसाइट की जानकारी प्रदान की। साथ ही स्कूल/कॉलोजों की सक्रिय भागीदारी से युवा मतदाताओं को चुनाव प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य और सार्थकता पर बल दिया।

छात्रों को जानकारी देते हुए उपनिदेशक, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, झारखंड रांची आनंद ने बताया कि मतदाता जागरुकता हेतु मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झारखंड कार्यालय की ओर से वीडियोज, रील्स, मीम्स, रिंगटोन आदि जारी किये गये हैं, आप सभी इन सामग्रियों को उपयोग करें एवं चुनाव प्रक्रिया से संबंधित ताजा जानकारी के लिए सीईओ झारखण्ड के सोशल मीडिया हैंडल्स को फॉलो करें।

छात्रों का पुरस्कृत किया गया
कार्यशाला के दौरान छात्रों से चुनाव से संबंधित सवाल भी किये गये। सही जवाब देने वाले छात्रों को उपहार भी दिया गया। आखिर में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड नेहा अरोड़ा द्वारा सभी को मतदाता शपथ दिलाई गई।

Tags - Jharkhand Election CommissionElectionLok Sabha Chunav 2024Neha Arora