logo

विधानसभा घेराव के दौरान पथराव और बैरिकेडिंग तोड़ने के मामले में प्राथमिकी दर्ज

वपग्4.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड विधानसभा घेराव के दौरान पथराव और बैरिकेडिंग तोड़ने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। विधानसभा थाना में दर्ज प्राथमिकी में अज्ञात प्रदर्शनकारियों को आरोपी बनाया गया है। तैनात मजिस्ट्रेट के आवेदन पर दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि 10 अगस्त को जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर हजारों की संख्या में छात्रों और कुछ संगठनों ने विधानसभा का घेराव किया था।

प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लगाए गए थे बैरिकेड 
पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के तहत छात्रों को विधानसभा तक पहुंचने से रोकने के लिए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई थी। प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और प्रशासन की ओर से लगाए गए बैरिकेडिंग को गिराते हुए नए विधानसभा भवन तक पहुंच गए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान प्रदर्शनकारी पुलिस के साथ उलझ गए और पथराव भी किया।

पथराव में पुलिसकर्मी हुए घायल 
प्राथमिकी के अनुसार, प्रदर्शनकारियों की ओर से किए गए पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए। मामले में पुलिस ने अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन अब घटना के दौरान बनाए गए वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रदर्शनकारियों की पहचान करने की प्रक्रिया में जुट सकता है। जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों ने 10 अगस्त को विधानसभा घेराव का मार्च निकाला था। प्रदर्शन को देखते हुए विधानसभा के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रशासन की ओर से 50 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू की गई थी। इसके बावजूद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी विधानसभा के पास पहुंच गए थे।

Tags - Jharkhand News Assembly Gherao Student Protest JPSC JSSC Ranchi News