logo

झारखंड सरकार युवाओं को देगी एयर होस्टेस और ग्राउंड क्रू की ट्रेनिंग, एविएशन सेक्टर में रोजगार का मौका

ोगी1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के युवाओं को विमानन क्षेत्र में रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट की ओर से प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। नागर विमानन प्रभाग के तहत संचालित संस्थान के एयर होस्टेस एवं ग्राउंड क्रू ट्रेनिंग प्रभाग में डिप्लोमा इन एविएशन एंड मैनेजमेंट पाठ्यक्रम के लिए चयन साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। चयनित अभ्यर्थियों की पहली वरीयता सूची अगस्त के अंतिम सप्ताह में झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने की संभावना है। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण अगले महीने से शुरू किए जाने की उम्मीद है।

चयन प्रक्रिया में इन क्षमताओं का हुआ आकलन

प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए आयोजित चयन साक्षात्कार में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। चयन के दौरान उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता के साथ अंग्रेजी भाषा पर पकड़, आत्मविश्वास और विमानन क्षेत्र में उनकी रुचि को प्रमुखता से परखा गया। संस्थान के अनुसार पूरी चयन प्रक्रिया निर्धारित मानकों के आधार पर निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी की गई है। पाठ्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को विमानन उद्योग की जरूरतों के अनुरूप व्यावसायिक और रोजगारपरक कौशल प्रदान करना है, ताकि प्रशिक्षण के बाद वे इस क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न अवसरों के लिए खुद को बेहतर तरीके से तैयार कर सकें।

एयरलाइंस से एयरपोर्ट तक करियर के अवसर

झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक कैप्टन एसपी सिन्हा ने कहा कि देश में विमानन क्षेत्र लगातार विस्तार कर रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर भी सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं को झारखंड में ही गुणवत्तापूर्ण और उद्योग आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है। प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं के लिए एयर होस्टेस, फ्लाइट स्टीवर्ट और ग्राउंड क्रू के अलावा एयरलाइंस, एयरपोर्ट, ग्राउंड हैंडलिंग और एविएशन हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों में करियर के अवसर उपलब्ध हो सकते हैं।

Tags - Jharkhand Flying Institute Air Hostess Flight Steward Ground Crew Aviation Training