रांची
झारखंड नगर निकाय चुनाव को लेकर रांची में मतगणना स्थल को लेकर तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद पंडरा बाजार स्थित मतगणना केंद्र पर रोक लगने के चलते जिला प्रशासन ने एहतियातन पांच वैकल्पिक भवनों की पहचान कर ली है। इन स्थलों को मतगणना और बज्रगृह के संभावित केंद्र के रूप में देखा जा रहा है।
.jpeg)
इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रांची की ओर से संबंधित विभागों को पत्र जारी कर इन भवनों का भौतिक निरीक्षण कराने और विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि आगामी चुनावों को देखते हुए उपयुक्त और सुरक्षित स्थानों का चयन जरूरी है।
जिन पांच स्थलों को विकल्प के तौर पर चिन्हित किया गया है, उनमें खेलगांव स्थित शेख भिखारी प्रशासनिक भवन परिसर, मोरहाबादी का बुधु भगत विवि (डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय), नामकुम के सिरका टोली स्थित झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी, नामकुम रिंग रोड स्थित सरला बिरला यूनिवर्सिटी और कांके रिंग रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर शामिल हैं। सभी स्थलों का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे आगे संबंधित कार्यालय को भेजा जाएगा।
.jpg)
वहीं, इस पूरे मामले पर राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने साफ किया है कि फिलहाल पंडरा बाजार को ही मतगणना केंद्र मानकर तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने बताया कि जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से अभी तक किसी वैकल्पिक स्थल को लेकर कोई प्रस्ताव राज्य निर्वाचन आयोग को प्राप्त नहीं हुआ है।
स्पष्ट है कि हाईकोर्ट के आदेश के चलते जिला प्रशासन एहतियातन विकल्प तैयार कर रहा है, जबकि राज्य निर्वाचन आयोग की रणनीति फिलहाल पंडरा बाजार को केंद्र में रखकर ही बनी हुई है। जिला प्रशासन के प्रस्ताव के बाद आने वाले दिनों में स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
.jpeg)