द फॉलोअप डेस्कः
आज झारखंड स्टेट स्टूडेंट्स युनियन ने झारखंड बंद का ऐलान किया है। रांची में छात्र सुबह पांच बजे से ही सड़कों पर दिखे। छात्र बैनर पोस्टर लेकर 60.40 नाय चलतौ का नारा लगा रहे हैं। साथ ही अलग-अलग बस स्टैंड में जाकर बसों के परिचालन को रोकने का आग्रह कर रहे हैं। इसके साथ ही जगह-जगह पर ऑटो रिक्शा को भी रोका जा रहा है। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा है कि आज झारखंड बंद है और कल भी रहेगा। जो बसें जिलों को जोड़ती हैं उन बसों को रोका जा रहा है। ऐसा झारखंडी हित में किया जा रहा है क्योंकि आज अगर छात्र अपनी आवाज बुलंद नहीं करेंगे तो बाहरी लोगों का इस राज्य में राज चलेगा। यह झारखंड हमारा है इसलिए यहां की नौकरियों पर भी पहला अधिकार हमारा होना चाहिए। सरकार बिना नियोजन नीति के ही वेकैंसी निकाल रही है। यहां की सरकार ने ओपन फॉर ऑल करके हमारे साथ अन्याय किया है। हम तब तक चैन की सांस नहीं लेंगे जब तक सरकार हमारी बात नहीं मान लेती है।

नहीं दिख रहा असर
बता दें कि इस बंदी का कोई खास असर देखने को नहीं मिल रहा है। अब देखना होगा कि इस बंद का असर पूरे दिन कैसा रहता है और इस बंद का सरकार पर क्या कुछ असर पड़ता है। कुछ खास जगहों पर ही छात्र वाहनों को रुकवा रहे हैं। देवेंद्र महतो ने कहा है कि बस चालक भी उनका समर्थन कर रहे हैं, वह आज बस नहीं निकालेंगे। कल छात्र मशाल जुलूस लेकर सड़कों पर निकलेंगे। हालांकि जिला प्रशासन इस बंद को लेकर अलर्ट है। वहीं आंदोलन कर रहे छात्रों को लालपुर थाने की तरफ से नोटिस भी जारी किया गया है और कहा गया है कि आप आकर हमें यह विश्वास दिलाइए कि आपकी वजह से इस राज्य की शांति नहीं भंग होगी। नोटिस में देवेंद्र नाथ महतो, मनोज यादव, इमाम शफी, अमनदीप मुंडा, मोती लाल महतो, योगेश भारती, मनोज उरांव, सुमित उरांव, सत्या कुमार, मनोज कुमार, दुर्गेश कुमार चंद्रवंशी का नाम है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N