द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह के पपरवाटांङ में झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन की ओर से आभार सभा का आयोजन किया गया। इस आभार सभा में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार और विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो के जिलाध्यक्ष संजय सिंह उपस्थित थे। इस दौरान यूनियन के सदस्यों ने मंत्री सुदिव्य कुमार और जिलाध्यक्ष संजय सिंह का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में सैकड़ों लोग शामिल हुए। इस आभार सभा का आयोजन मंत्री सुदिव्य कुमार के प्रयासों को लेकर किया गया, जिनके कारण कोलियरी में एक बार फिर से ओपेनकास्ट माइंस शुरू हो रहे हैं और कोलियरी के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
आभार सभा को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि कोलियरी के विकास और बंद पड़े माइंस, चाहे वह कबरीबाद हों या ओपेनकास्ट माइंस, दोनों को फिर से शुरू कराने के लिए राज्य सरकार ने काम किया है। इससे न केवल कोलियरी का विकास हुआ है, बल्कि कई परिवारों को रोजगार भी मिला है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सिर्फ पत्राचार करने से किसी समस्या का समाधान नहीं होता, इसके लिए मजबूती के साथ आवाज उठानी पड़ती है। इसी को लेकर झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन ने लगातार बंद पड़े ओपेनकास्ट माइंस को फिर से शुरू कराने की मांग की, और उनकी आवाज को हेमंत सोरेन की सरकार ने गंभीरता से सुना। यही वजह है कि अब ओपेनकास्ट माइंस फिर से शुरू होने जा रहे हैं।
मंत्री ने आगे कहा कि अब यूनियन को अपने पुराने रूप में लौटकर जनता के जायज सवालों के लिए आवाज उठानी होगी, ताकि यहां के विस्थापित मजदूरों को उनका हक मिल सके। उन्होंने यूनियन से कहा कि अपनी आवाज बुलंदी के साथ उठाते रहें, और पार्टी, संगठन तथा सरकार हमेशा उनके साथ रहेगी। इस मौके पर झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, हरगौरी साव छक्कू, अर्जुन रवानी, तेजलाल मंडल, दीलीप मंडल, मो. अनवर समेत यूनियन के कई सदस्य मौजूद थे।
