logo

Ranchi : रांची में झारखंड कांग्रेस का संवाद कार्यक्रम, सुनी गई कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों की शिकायत

rajeshthakur6.jpg

रांची: 

सोमवार को राजधानी रांची के लालगुटुआ बैंक्विट हॉल में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडलीय कार्यकर्ता प्रतिनिधि सम्मेलन ‘‘संवाद’’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर के अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम  में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रभारी अविनाश पांडे बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे। 

कार्यकर्ता-प्रतिनिधि सम्मेलन का तीसरा चरण
गौरतलब है कि यह प्रमंडलीय कार्यकर्ता प्रतिनिधि सम्मेलन का तीसरा चरण था। आज के कार्यक्रम में कांग्रेस नेता विधायक दल नेता आलमगीर आलम, कार्यकारी अध्यक्ष गीता कोड़ा, बंधु तिर्की, शाहजदा अनवर, समन्वय समिति के सदस्य पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सचिव प्रणव झा, प्रदीप बलमुचू सुखदेव भगत, विधायक राजेश कच्छप विक्सल कोंगारी भूषण बाड़ा जोनल कोऑर्डिनेटर अशोक चौधरी केशव महतो कमलेश रमा खल्खो के एन त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित थे।

हम संगठन को मजबूत और धारदार बनाएंगे
प्रमंडलीय कार्यकर्ता प्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित करते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से झारखंड के सभी सम्मानित कांग्रेसज नों को सुनने-समझने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

हम संगठन को और मजबूत तथा धारदार बना सकेंगे। गिरिडीह स्थित मधुवन के 3 दिवसीय चिंतन शिविर की सफलता एवं उससे निकले चिंतन सार को लेकर संगठन के अंतिम इकाई के पदाधिकारी प्रतिनिधियों तक पहुंचाने, उनसे संवाद करने का निर्णय हम लोगों ने प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सहित शीर्ष के नेताओं के साथ विचार विमर्श करने के बाद लिया। 

संवाद के जरिए सरकार-संगठन में समन्वय संभव
प्रभारी ने अपने संबोधन में कहा कि जिस उद्देश्यपूर्ण इरादे से इस प्रमंडल के कार्यकर्ता एकत्रित हुए है यह सम्मेलन सफल हुआ है। यही संवाद सरकार और संगठन में समन्वय बनायेगा। हम मुख्यमंत्री को सूचना  भिजवाएंगे। चिंतन शिविर में निकले सार तथा इन संवाद कार्यक्रमों में उपजे कार्यकर्ताओं की भावनाओं से सरकार के स्तर पर  समन्वय समिति बने, कॉमन मिनिमम प्रोग्राम बने। उन्होंने कहा कि  जो बड़ा घटक दल है उसमें त्याग की भावना होनी चाहिए। समन्वय संवाद से हमारा लक्ष्य भी तय होना चाहिए।  सदस्यता अभियान की मजबूती ही इसका जवाब होगा। 

केंद्रीय नेतृत्व को झारखंड से बहुत सारी अपेक्षा
अविनाश पांडेय ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व को झारखंड से काफी अपेक्षा है। यही वजह है कि जब मुझे झारखंड की जिम्मेदारी दी गई तो मैंने पहली मुलाकात राहुल गांधी से की। राहुल गांधी ने कहा कि झारखंड के डीएनए में कांग्रेस है। राहुल गांधी ने झारखंड के शीर्ष नेतृत्व के साथ दिल्ली में 2 घंटे तक संगठन और सरकार के बीच समन्वय को लेकर बातचीत की। पारसनाथ में आय़ोजित चिंतन शिविर में भी राहुल गांधी का संबोधन हुआ। हमारा दायित्व है कि हम संगठन को मजबूती से आगे लेकर जायें। उन्होंने कहा कि हमें जनता तक डिजिटल माध्यम से भी पहुंचना होगा। 

जन-जागरण के जरिये कार्यकर्ताओं की सीधी पहुंच
झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि जन-जागरण अभियान के तहत लगातार कार्यकर्ताओं के संपर्क में रहने की कोशिश की। हमारी कोशिश है कि अपनी बातों को संगठन के माध्यम से सभी तक पहुंचायें। कार्यकर्ता अथवा पदाधिकारी की जो भी समस्या है, उसे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाया जायेगा। हमारी बातें, समस्याएं और शिकायतें राहुल गांधी और सोनिया गांधी तक पहुंच सके, इसलिए इन संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। 

कार्यकर्ता और पदाधिकारी ही संगठन की रीढ़ हैं
आलमगीर आलम ने कहा कि कार्यकर्ता और पदाधिकारी ही संगठन की रीढ़ हैं। इनसे संवाद होते रहना चाहिए। इससे जमीनी सच्चाई का पता चलता है। उन्होंने कहा कि हमें विचारधारा का अनुसरण करता है। जो लोग कांग्रेस की मूल विचारधारा के साथ खिलवाड़ करते हैं उनको चिह्नित करना होगा। लोगों तक पहुंच कर उनको संगठन का हिस्सा बनाना होगा। पंचायत चुनाव में आपसी समन्वय बनाकर प्रत्याशियों का चयन करना होगा। अब शिकायत का समय नहीं है। 


पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार
डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि नए प्रभारी अविनाश पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में नए उत्साह का संचार हुआ है। प्रभारी सभी प्रमंडलो में घूम रहे हैं। कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर रहे हैं। सरकार के बजट की तारीफ हो रही है। हमारी समस्या रही है कि हम जनता के बीच अपने काम का प्रचार नहीं कर पाते। हमें जनता को बताना होगा कि हम क्या कर रहे हैं। सुबोधकांत सहाय ने कहा कि सोच बदलना होगा। संगठन की विचारधारा से समझौता नहीं होना चाहिये।