logo

SIR अभियान को लेकर झारखंड कांग्रेस सक्रिय, के. राजू ने कहा; बूथ स्तर तक होगी निगरानी

kraju1.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को रांची स्थित पुराने विधानसभा परिसर में प्रदेश कांग्रेस के महासचिवों, जिला प्रभारियों और स्टेट कोऑर्डिनेटरों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला- के. राजू
प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे। उन्होंने जिला प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची की नियमित निगरानी करने और किसी भी गड़बड़ी को समय पर चिन्हित करने का निर्देश दिया।बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की। 

बैठक में एसआईआर अभियान को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर तक विशेष निगरानी की रणनीति तैयार की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को प्रशिक्षण देकर अभियान में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। यह अभियान एक महीने तक चलेगा, जिसके दौरान मतदाता सूची की जांच और सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।


एसआईआर अभियान पंचायत और वार्ड स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का लक्ष्य 

बैठक के पहले सत्र में एसआईआर प्रक्रिया, उससे जुड़ी चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई। सह प्रभारी भूपेंद्र सिंह मरावी और प्रशिक्षक राहुल बोल ने अभियान के तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। दूसरे सत्र में लोकसभा और विधानसभा स्तर के प्रभारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई। निर्णय लिया गया कि एसआईआर अभियान को जिला, प्रखंड, पंचायत और वार्ड स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।

5 जून को संगठन व एसआईआर पर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक

बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मजबूत संगठन और शुद्ध मतदाता सूची पार्टी की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पदाधिकारियों को नियमित क्षेत्रीय दौरे कर अभियान की प्रगति की निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 5 जून को भी संगठन और एसआईआर अभियान की समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जाएंगी।
 

Tags - Jharkhand CongressSIR CampaignK RajuBooth Level MonitoringPolitical Organization Strategy